कार्यकर्ताओं को दिए सफलता के पांच सूत्र, सेवाभावी दृष्टिकोण से बनेगा यादगार आयोजन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शहर के परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान में भक्ति, शक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 'भागवत समरसता महोत्सव' के निर्विघ्न आयोजन के संकल्प के साथ शनिवार को कथा स्थल पर विधि-विधान से भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पंडित प्रकाश व्यास के सानिध्य में मंत्रोच्चार के बीच यजमानों ने सपत्नीक धर्म ध्वजा फहराई और आयोजन की सफलता की कामना की। इस अवसर पर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भाई ने आयोजन की सफलता के लिए 'पंच-मंत्र' का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय की मर्यादा, कार्यक्रम की पूर्ण जानकारी, कार्यों का सर्वोत्तम संपादन, सकारात्मक भाव और सामाजिक समरसता ही इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाएंगे। उन्होंने जोर दिया कि गौशाला में आयोजित होने वाली यह कथा बेहतर व्यवस्थाओं के कारण समाज में एक 'यादगार' मिसाल पेश करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान भंवरलाल दरगड़, डी.पी.अग्रवाल, मधुसूदन बहेडिया, मनीष बहेडिया ने सपत्नीक पूजा-अर्चना की। इस दौरान अशोक अजमेरा, गणपत सिंह नौगांवा, दादा पुरुषोत्तम, गिरिराज काबरा, श्रवण सेन, प्रोफेसर जगदीश कोगटा, ओमप्रकाश बुलिया, सुभाष बाहेती, गोविंद प्रसाद सोडाणी और ओपी आगाल सहित कई गणमान्य जन उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक कथा नहीं, बल्कि गौ-सेवा और समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का एक महा-अभियान है।

Social Plugin