Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

आज की नारी दे रही है हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय : पल्लवी लढा

लघु उद्योग भारती महिला इकाई द्वारा "अपराजिता नारी शक्ति अनंता" कार्यक्रम का आयोजन

 

 महिला उद्यमियों का किया सम्मान, महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए व्यापारिक संभावनाओं पर की चर्चा

 

  भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। लघु उद्योग भारती महिला इकाई द्वारा महिला दिवस की पुर्व संध्या पर "अपराजिता नारी शक्ति अनंता" कार्यक्रम का आयोजन सेवन स्टोन रेस्टोरेंट में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत द्वीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। महिला इकाई की अध्यक्ष पल्लवी लढा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों के मध्य आपसी संवाद स्थापित करना तथा नेटवर्किंग के माध्यम से उनके व्यवसाय को गति प्रदान करना था। कार्यक्रम में उपस्थित महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए और एक-दूसरे के साथ संवाद कर व्यापारिक संभावनाओं पर चर्चा की। महिलाओं की बहुआयामी भूमिका को ध्यान में रखते हुए एक विशेष इमोशनल वेलनेस सेशन आयोजित किया गया, जिसे नेहा गोयल श्रीवास्तव द्वारा लिया गया। उन्होंने महिलाओं को मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए जीवन में सकारात्मकता और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को उनके कार्य और व्यक्तित्व के अनुसार विशेष टाइटल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से लघु उद्योग भारती की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती विमला मुणोत, चंदा मुंदड़ा एवं श्रीमती स्नेहलता मेलाना का भी सम्मान किया गया। लघु उद्योग भारती महिला इकाई की अध्यक्ष पल्लवी लढा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला उद्यमियों के लिए ऐसे मंच अत्यंत आवश्यक हैं, जहां वे एक-दूसरे से सीख सकें, अपने अनुभव साझा कर सकें और नेटवर्किंग के माध्यम से अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की प्रमुख धुरी भी है। आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय दे रही है। साथ ही घर और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए समाज के विकास में सक्रिय योगदान दे रही है। कार्यक्रम की प्रभारी रक्षा जैन एवं शोभा चोखड़ा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के बीच सहयोग, संवाद और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है, ताकि वे एक-दूसरे की प्रेरणा बन सकें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सरिता अग्रवाल, प्रियंका मेहता, सुमित्रा हुरकट, आशा सोमानी, सरिता काबरा, रेखा ईनाणी एवं मानकंवर काबरा, अंजना तोषनीवाल सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में कुल 56 महिला सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायी और सफल रहा। अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने मिलकर महिला सशक्तिकरण और समाज के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रियंका मेहता ने व्यक्त किया।