दो विजेता टीमें राष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगी दम, ’’231 शाखाओं के 3861 विद्यालयों के 6.09 लाख विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, आठ राउंड में परखी गई प्रतिभा
धर्म और संस्कृति को बनाए रखना प्रत्येक सनातनी की जिम्मेदारी है: संत विष्णु कृष्ण तनय
संस्कारों के साथ स्वच्छता और अनुशासन भी जरूरी: डॉ. एसएन मोदानी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में रविवार को ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला। भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों की समझ को परखने के लिए भारत विकास परिषद उत्तर पश्चिम क्षेत्र (राजस्थान) के तत्वावधान में राजस्थान मध्य प्रांत एवं स्वामी विवेकानन्द शाखा के आतिथ्य में आयोजित क्षेत्र स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल में हुई इस प्रतियोगिता में वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों वर्गों के विजेताओं ने अपनी जगह राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पक्की की। अब ये टीमें 17 जनवरी 2027 को गया (बिहार) में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने बताया कि वर्ष 2001 से संचालित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, इतिहास, राष्ट्रीय मूल्यों और राष्ट्रभक्ति से जोड़ना है। इस वर्ष परिषद की 231 शाखाओं के माध्यम से 3861 विद्यालयों के 6,09,449 विद्यार्थियों ने लिखित प्रतियोगिता में भाग लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। शाखा एवं प्रांत स्तर पर विजेता रहे विद्यार्थी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में शामिल हुए। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री मुकेश जैन ने की। क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं संस्कार गतिविधि के राष्ट्रीय पालक विक्रांत खंडेलवाल का सानिध्य रहा। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गान हुआ। प्रांतीय अध्यक्ष सतीश तापड़िया ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय सह संयोजक (संस्कार) एवं पर्यवेक्षक मुकेश लाठी ने प्रतियोगिता के नियमों और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी दी। विक्रांत खंडेलवाल ने विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, अनुशासन में रहने और निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। क्षेत्रीय अध्यक्ष राधेश्याम रंगा ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के संवर्धन में संगीत की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आठ अलग-अलग राउंड में आयोजित की गईं। इनमें भारत दर्शन, उदयमान भारत, नवनीत भारत, विज्ञान की उड़ान, ज्ञानतरंग, ज्ञान का महापंच, सूत्र समाधान और मास्टर स्ट्रोक रैपिड फायर शामिल रहे। आधुनिक तकनीक और बजर आधारित प्रणाली से आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की ज्ञान क्षमता के साथ त्वरित निर्णय लेने की योग्यता भी परखी गई। सेकंड के 100वें हिस्से तक बजर के प्रदर्शन और पीपीटी के माध्यम से धर्म, संस्कृति, इतिहास, भूगोल, कला, समसामयिक घटनाओं, विज्ञान, खेलकूद एवं पुरस्कारों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। क्विज मास्टर की भूमिका सुनीता जोली, आदित्य, सीए संदीप बाल्दी एवं मुकेश लाठी ने निभाई। तकनीकी संचालन में दलपत सिंह राठौड़, अमित सोनी, कैलाश आचार्य एवं अमित काबरा ने सहयोग किया।
सांसद अग्रवाल और डॉ . मोदानी ने किया सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल एवं संगम ग्रुप के वाइस चेयरमैन डॉ. एसएन मोदानी ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि संत विष्णु कृष्ण तनय ने कहा कि धर्म और संस्कृति को बनाए रखना प्रत्येक सनातनी की जिम्मेदारी है। सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की सकारात्मक सोच, सक्रिय भागीदारी, समर्पण और संस्कार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, ज्ञान और आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य करती हैं। डॉ. एसएन मोदानी ने संस्कारों के साथ स्वच्छता, नागरिक अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन पर जोर दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में मुकेश जैन ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। सीए संदीप बाल्दी ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए और प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का विश्लेषण किया। तकनीकी सहयोग के लिए कुलदीप माथुर (डायरेक्टर, वर्सेटाइल सॉफ्टवेयर प्रा. लि.) एवं उनकी टीम, दलपत सिंह राठौड़ तथा कैलाश आचार्य को सम्मानित किया गया।
समयबद्ध और तकनीकी संचालन को बताया उपलब्धि
प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का सुव्यवस्थित, समयबद्ध, पारदर्शी एवं तकनीकी संचालन आयोजन की विशेष उपलब्धि रहा। मंच संचालन सुमित जागेटिया, रिंकू सोमानी एवं शारदा दरगड़ ने किया। आयोजन में लोकेश मित्तल, गोविंद प्रसाद सोडानी सहित राष्ट्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यवस्थाओं में प्रांतीय संयोजक संस्कार अरुण बाहेती, संयुक्त महासचिव श्याम कुमावत, विवेकानन्द शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, पारस बोहरा, कैलाश अजमेरा, रजनीकांत आचार्य, भेरुलाल अजमेरा, केजी सोनी एवं शाखा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। अंत में सीए संदीप बाल्दी ने सभी का आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
वरिष्ठ वर्ग में छीपाबड़ौद और कनिष्ठ में भिवाड़ी की टीम प्रथम
प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में दक्षिण पूर्व प्रांत की छीपाबड़ौद शाखा के सेवा भारती बाल विद्या मंदिर, छीपाबड़ौद के केशव मालव एवं शुभम नागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रांत की महाराणा प्रताप शाखा, श्रीगंगानगर के शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के अमरेंद्र खुंगर एवं रणवीर जांगू द्वितीय स्थान पर रहे। दक्षिण प्रांत की आसपुर शाखा के सनराइज पब्लिक उमावि, आसपुर के लक्ष कुमार सुथार एवं वंश भट्ट ने तृतीय स्थान हासिल किया। कनिष्ठ वर्ग में उत्तर पूर्व प्रांत की भिवाड़ी शाखा के राठ इंटरनेशनल स्कूल के कजिश चौहान एवं विहान अरोड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रांत की महाराणा प्रताप शाखा, श्रीगंगानगर के शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के साहिल भादू एवं प्रतीक सहारण द्वितीय रहे। पूर्व प्रांत की स्वामी विवेकानन्द शाखा, करौली के जुपिटर पब्लिक स्कूल, हिंडौन सिटी की नंदिनी चौधरी एवं नंदिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों की प्रथम स्थान प्राप्त विजेता टीमें 17 जनवरी 2027 को गया (बिहार) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।



Social Plugin