Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

हिंदुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा खदान में 43 टीमों ने दिखाई जीवन रक्षा की दक्षता

 

 

 

40वें खान सुरक्षा सप्ताह की फर्स्ट एड प्रतियोगिता में सामूहिक सीपीआर प्रदर्शन बना आकर्षण, विजेता टीमों को किया सम्मानित

                 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। खदानों में हादसे या आपात स्थिति के दौरान शुरुआती कुछ मिनट किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हो सकते हैं। इसी जिम्मेदारी और प्राथमिक चिकित्सा के महत्व को केंद्र में रखते हुए हिंदुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा खदान में 40वीं खान सुरक्षा सप्ताह के तहत फर्स्ट एड प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न संगठनों की 43 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया और जीवन रक्षक कौशलों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण सामूहिक सीपीआर प्रदर्शन रहा, जिसके जरिए समय पर मदद देकर जीवन बचाने का संदेश दिया गया। खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में मंगलम सीमेंट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डीजीएमएस अजमेर क्षेत्र-2 के डीजीएम मोहम्मद जावेद आलम, रामपुरा आगुचा क्लस्टर के आईबीयू सीईओ राम मुरारी, 40वें खान सुरक्षा सप्ताह संघ के उपाध्यक्ष बजरंग लाल, रामपुरा आगुचा खदान के यूनिट हेड विकेश चित्तौड़ा, हेड सेफ्टी वेदांत तिवारी, खान प्रबंधक बसंत किशोर महंत, संघ के सचिव सतीश कुमार तथा प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक एससी सारस्वत मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद प्रतिभागी टीमों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मार्च पास्ट के जरिए टीमों ने अनुशासन, एकजुटता और कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। डीजीएमएस अजमेर क्षेत्र-1 एवं 2 के मार्गदर्शन और निगरानी में प्राथमिक चिकित्सा प्रतियोगिता शुरू हुई। आयोजन का प्रमुख आकर्षण प्रतिभागी टीमों का सामूहिक सीपीआर प्रदर्शन रहा। इस प्रदर्शन ने नया रिकॉर्ड बनाया। इसके माध्यम से आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों में सीपीआर की उपयोगिता और समय पर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। आयोजन में टीमों ने प्राथमिक चिकित्सा से जुड़े अपने ज्ञान, प्रशिक्षण और व्यावहारिक दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता पूरी होने के बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर पुरस्कार वितरण समारोह की शुरुआत की। विजेता टीमों और स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं योगदान के लिए ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मंगलम सीमेंट की आयोजन समिति के सदस्य रमेश चौधरी, अश्विनी कुमार, विनय हाड़ा, राजाराम चीता और कुलदीप शर्मा का विशेष योगदान रहा। हिंदुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा एवं कायड़ माइंस, मंगलम सीमेंट, ओएनजीसी, श्री सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट और एनएलसी के चिकित्सकों एवं प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया। प्रतियोगिता ने विभिन्न संस्थानों की टीमों को प्राथमिक चिकित्सा संबंधी ज्ञान साझा करने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने का अवसर दिया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षा के प्रति सजगता, पूर्व तैयारी, आपसी तालमेल और समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा किसी भी आपात स्थिति में जीवन रक्षा का आधार बन सकती है।              

Uploaded Image Uploaded Image