Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

विद्या ग्लोबल स्कूल में खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ शुरू, 20 से अधिक जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

 

महापौर ने किया पीईएफआई राजस्थान स्टेट गेम्स-2026 का शुभारंभ, तीन दिन तक सात खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर

 

खेलों से बनाएं पहचान और रोशन करें भीलवाड़ा का नाम: महापौर जसवंत कंवर

 

खेल को खेल भावना से खेलें युवा, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए करें तैयारी: अली हैदर

 

विशिष्ट अतिथि गीता चौधरी ने दिया युवाओं को शिक्षा के साथ शारीरिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहने का संदेश

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। खेल मैदान पर प्रतिभा, प्रतिस्पर्धा और जुनून का संगम शुक्रवार को विद्या ग्लोबल स्कूल में देखने को मिला। फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीईएफआई) राजस्थान चौप्टर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राजस्थान स्टेट गेम्स-2026 का शुभारंभ 13 नवंबर को पालड़ी स्थित विद्या ग्लोबल स्कूल में भव्य समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 से अधिक जिलों के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। समारोह की मुख्य अतिथि नगर निगम भीलवाड़ा की महापौर जसवंत कंवर रहीं। वहीं पीईएफआई के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी अली हैदर, विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज की डायरेक्टर इंजीनियर गीता चौधरी तथा पार्षद निसार सिलावट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि महापौर जसवंत कंवर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा निखारने और समाज व देश में भीलवाड़ा का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि गीता चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को शिक्षा के साथ शारीरिक गतिविधियों में भी निरंतर सक्रिय रहने तथा सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि एवं आयोजन सचिव अली हैदर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए भी खिलाड़ियों को तैयारी और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने तथा आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। पीईएफआई राजस्थान स्टेट गेम्स का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कराटे एवं बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले होंगे। प्रदेश के 20 से अधिक जिलों से पहुंचे खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक और खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना, युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम का संचालन शुभम ओझा ने किया। आयोजन सचिव एवं पीईएफआई राजस्थान गेम्स समन्वयक संदीप सरगरा ने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, सहयोगकर्ताओं, कोच एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।                      

Uploaded Image