Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

सुवाणा पंचायत चुनाव में माहेश्वरी समाज की उपेक्षा पर रोष, भाजपा-कांग्रेस को चेतावनी



तहसील माहेश्वरी महासभा भीलवाडा ग्रामीण ने भाजपा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों को पत्र भेजकर व्यक्त की नाराजगी

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
पंचायत राज चुनावों में राजनीति भागीदारी नहीं मिलने से माहेश्वरी समाज में नाराजगी बढ़ गई है। सुवाणा पंचायत समिति क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों की ओर से समाज के किसी कार्यकर्ता को टिकट नहीं दिए जाने पर प्रतिनिधियों ने रोष जताया है। समाज ने दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्षों को पत्र भेजकर राजनीतिक उपेक्षा पर सवाल उठाए और योग्य कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। तहसील माहेश्वरी महासभा भीलवाड़ा ग्रामीण की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया कि माहेश्वरी समाज राष्ट्रहित, जनसेवा और सामाजिक विकास के कार्यों में सदैव अग्रणी रहा है। समाज समय-समय पर दोनों राजनीतिक दलों को सहयोग देता आया है, इसके बावजूद चुनावों में प्रतिनिधित्व नहीं मिलना निराशाजनक है। पत्र में हमीरगढ़ नगर पालिका चुनावों के दौरान भी समाज को अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का उल्लेख करते हुए इसे समाज की राजनीतिक भागीदारी की अनदेखी बताया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने दोनों दलों से उपेक्षा के कारणों की समीक्षा करने, योग्य कार्यकर्ताओं को राजनीतिक अवसर देने और समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करने की मांग की है। समाज ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से नाराजगी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, आगामी चुनावों में समाज अपने स्तर पर राजनीतिक निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होगा। समाज की इस चेतावनी को दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए प्रतिनिधित्व और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने का संदेश माना जा रहा है।  








Uploaded Image