60 दलों के विद्यार्थियों ने दिखाया ज्ञान और प्रतिभा का दम, विजेता टीमें भीलवाड़ा में करेंगी प्रान्त का प्रतिनिधित्व
भारत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से परिचित हों विद्यार्थी: एसएन झंवर
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भारतीय इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय उपलब्धियों के ज्ञान के साथ विद्यार्थियों में राष्ट्रगौरव की भावना जगाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की प्रान्त स्तरीय ‘भारत को जानो प्रतियोगिता-2026’ शाहपुरा शाखा के आतिथ्य में आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में प्रान्त की 30 शाखाओं के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के 60 दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आधुनिक सॉफ्टवेयर और तकनीक आधारित व्यवस्था के बीच विद्यार्थियों ने अपनी ज्ञान क्षमता, त्वरित निर्णय और सामान्य जागरूकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएन झंवर ने कहा कि ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास, संस्कृति, भूगोल, विज्ञान और राष्ट्रीय उपलब्धियों से परिचित कराना है। नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली परंपराओं और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं संघर्ष की जानकारी होना आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डीडी शर्मा ने कहा कि देश तभी महान बनेगा, जब प्रत्येक नागरिक को अपने देश पर गर्व होगा। इसके लिए भारत की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और इतिहास का ज्ञान जरूरी है। ज्ञान केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी से 50-50 प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने बजर सिस्टम के जरिए निर्धारित विकल्प चुनकर उत्तर दिए। रोमांचक मुकाबले के बाद वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के शीर्ष आठ-आठ दलों का फाइनल के लिए चयन किया गया। फाइनल में दोनों वर्गों के सात-सात राउंड हुए, जिनमें विद्यार्थियों की विषयगत जानकारी, त्वरित निर्णय क्षमता और सामान्य जागरूकता की परीक्षा हुई। प्रान्तीय महासचिव द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार वरिष्ठ वर्ग में गांधी सेवा सदन, राजसमंद शाखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम के अमन सिंह शिशोदिया एवं राजबीर खत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बिजयनगर स्वामी विवेकानंद शाखा की टीम दूसरे स्थान पर रही। इसमें राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिजयनगर की अंजलि प्रजापत एवं मानसी गवारिया शामिल थीं। कनिष्ठ वर्ग में अजमेर मुख्य शाखा ने बाजी मारी। मिलिट्री स्कूल, अजमेर के संकल्प सिंह एवं आर्यन विश्नोई ने प्रथम स्थान हासिल किया। गुलाबपुरा शाखा के रुद्र पूर्वीया एवं रुद्र वशिष्ठ दूसरे स्थान पर रहे। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें 22 नवंबर 2026 को भीलवाड़ा में होने वाली क्षेत्रीय स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में प्रान्त का प्रतिनिधित्व करेंगी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डीडी शर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। भारत विकास परिषद के प्रान्तीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन सत्र में प्रान्तीय गतिविधि सदस्य संस्कार ज्योति माहेश्वरी ने स्वागत उद्बोधन दिया। प्रान्तीय गतिविधि संयोजक संस्कार अरुण बाहेती ने परिषद और प्रतियोगिता की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। क्षेत्रीय पर्यवेक्षक एवं राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य संस्कार मुकेश लाठी ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियमों से अवगत कराया और अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले दलों के विद्यार्थियों, संबंधित विद्यालयों और शाखाओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी दलों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं उपहार प्रदान किए गए। अतिथियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। समापन पर भारत विकास परिषद की शाहपुरा शाखा के अध्यक्ष पवन बांगड़ ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रप्रेम के महत्व को रेखांकित करते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक निर्माण का संदेश दिया।




Social Plugin