महंत लक्ष्मण दास त्यागी की मौजूदगी में गौ माता को प्रेमपूर्वक खिलाई लापसी, देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। श्री पंचमुखी दरबार सेवा समिति ने गौ पूजन और सेवा के साथ पवित्र कार्तिक मास का शुभारंभ कर धर्म, आस्था और भारतीय संस्कारों का संदेश दिया। मंगलवार को समिति की ओर से गौ माता का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें प्रेमपूर्वक लापसी खिलाई गई। इस दौरान देश में अमन-चैन, सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामना की गई। आयोजन के जरिए गौ सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का संकल्प व्यक्त किया गया। समिति अध्यक्ष महंत लक्ष्मण दास त्यागी ने बताया कि कार्तिक मास का शुभारंभ गौ माता की पूजा-अर्चना और सेवा से किया गया। भारतीय संस्कृति में गौ माता की सेवा और पूजन का विशेष महत्व है। ऐसे धार्मिक आयोजन आस्था, परंपराओं और संस्कारों को सुदृढ़ करने के साथ समाज में सेवा एवं समर्पण की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। समिति महामंत्री परमेश्वर दास ने बताया कि कार्तिक मास के दौरान समिति की ओर से सेवा और समर्पण की भावना के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी एकता और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने के साथ भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समिति कोषाध्यक्ष सच्चिदानंद दास ने बताया कि कार्यक्रम में अजय रामदास, मुकुंद मोहन दास, बंगाली बाबा, प्रेमदास, रामसेवक दास ब्रह्मचारी सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। गौ पूजन एवं सेवा के इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने धर्म, परंपरा और जीवमात्र के प्रति करुणा का संदेश दिया।




Social Plugin