भक्ति, संस्कार और सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं के पदाधिकारियों को बेटियों के संरक्षण व सम्मान की दिलाई शपथ
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। नवरात्र में गरबा केवल उत्सव ही नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, संस्कार और भक्ति की अभिव्यक्ति भी है। इसी भावना को प्रोत्साहित करते हुए लाडली बिटिया अभियान संस्थान, भीलवाड़ा ने भक्तिमय माहौल और पारंपरिक वेशभूषा में गरबा आयोजन करने वाली दो समितियों को सम्मानित कर बेटियों के संरक्षण, संस्कार और सम्मान का संदेश दिया।संस्थान अध्यक्ष ललित ओझा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने रंगारंग मंच वीर गुर्जर गरबा समिति और पंचमुखी दरबार नवयुवक मंडल गरबा समिति के गरबा स्थलों पर पहुंचकर आयोजकों को सम्मान पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए। इस दौरान दोनों समितियों के पदाधिकारियों को बेटियों के संरक्षण, उन्हें संस्कारित करने तथा समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने की शपथ भी दिलाई गई। संस्थान पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों समितियां पिछले कई वर्षों से भक्तिमय वातावरण में गरबा आयोजन कर सनातन संस्कृति और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा दे रही हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ ही समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ सदस्य सत्यदेव व्यास, अरुण संतोष मुछाल, सुरेश नागौरी सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




Social Plugin