Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

पंच गौरव जिला स्तरीय बास्केटबाल खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, नगर निगम की टीम बनी विजेता

 

सुखाड़िया स्टेडियम उपविजेता, सरदार नगर ने हासिल किया तीसरा स्थान, छह टीमों ने दिखाया दमखम

 

स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क, खेल भावना जीवन में आगे बढ़ने का आधार: अल्केश पवन वैष्णव

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। पंच गौरव योजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में नगर निगम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में नगर निगम ने फाइनल मुकाबले में सुखाड़िया स्टेडियम की टीम को 71-57 अंकों से पराजित किया। सुखाड़िया स्टेडियम उपविजेता रहा, जबकि सरदार नगर की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। पीएम श्री महाराणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के संयोजन में जहाजपुर खेल स्टेडियम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 17 वर्ष तक आयु वर्ग के बालक खिलाड़ियों की छह टीमों ने भाग लिया। जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के तहत जिला प्रशासन के सौजन्य से जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र, भीलवाड़ा की ओर से प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शहरी क्षेत्र की सुखाड़िया स्टेडियम, नगर निगम मैदान, कावांखेड़ा और लेबर कॉलोनी की टीमों के साथ ग्रामीण क्षेत्र की सरदार नगर एवं दौलतगढ़ की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन प्रारंभिक और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जबकि दूसरे दिन हार्डलाइन और फाइनल मैच हुए। प्रारंभिक मुकाबलों में कावांखेड़ा ने लेबर कॉलोनी को 47-22 तथा सरदार नगर ने दौलतगढ़ को 36-16 अंकों से हराया। पहले सेमीफाइनल में सुखाड़िया स्टेडियम ने कावांखेड़ा को 47-27 और दूसरे सेमीफाइनल में नगर निगम ने सरदार नगर को 54-24 अंकों से पराजित किया। हार्डलाइन मुकाबले में सरदार नगर ने कावांखेड़ा को 19-15 अंकों से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। फाइनल में नगर निगम ने सुखाड़िया स्टेडियम को 71-57 अंकों से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी जीती। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि जहाजपुर नगर पालिका अध्यक्ष अल्केश पवन वैष्णव ने बास्केटबॉल को जिले का लोकप्रिय खेल बताते हुए खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है और खेल भावना जीवन में आगे बढ़ने का आधार है। जिला खेल अधिकारी राणावत ने बताया कि चयनित खेल मैदानों पर नियमित प्रशिक्षण के साथ खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र की ओर से प्रशिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। पंच गौरव योजना के तहत हर माह एक जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को नियमित मुकाबलों का अनुभव मिले। प्रतिभावान खिलाड़ियों को पोषण सहायता और खेल किट उपलब्ध कराने की भी योजना है। प्रतियोगिता में अनुराग और देव मीणा ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य ईश्वर सिंह मीणा, प्रशिक्षक निशा राजपूत, शारीरिक शिक्षक अर्जुन सिंह मीणा, महेंद्र सिंह मीणा, हेमंत मीणा, मनोज कुमार मीणा, मांगीलाल जाट, गनी मोहम्मद, मनीष धोबी, दीपक मीणा, पायल टेलर, शाहरुख खान, दीपक चौधरी और आजाद पठान का विशेष योगदान रहा।

 

 

 

Uploaded Image