आरएसडब्ल्यूएम मिलांज स्टाफ क्लब में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक होगा आयोजन, पोस्टर विमोचन कर कर्मचारियों और युवाओं से रक्तदान की अपील
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। टेक्सटाइल्स जगत में भीलवाड़ा को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने वाले तथा समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित लक्ष्मीनिवास झुनझुनवाला (एलएन बाबू) के 98वें जन्मदिवस को मानव सेवा के संकल्प के साथ मनाया जाएगा। उनके जन्मदिवस 17 अक्टूबर के उपलक्ष्य में आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड की मंडपम् भीलवाड़ा इकाई में विशाल महा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त जुटाने और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन के सिलसिले में पोस्टर का विमोचन कर कर्मचारियों, युवाओं और आमजन से इस पुनीत अभियान में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। जवाहर फाउंडेशन और महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा की टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले शिविर के पोस्टर का विमोचन मिलांज के बिजनेस हेड एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) वाई.डी. तिवारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान शिविर को समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने संस्थान के कर्मचारियों से अधिकाधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी हरीश जोशी, सुरेंद्र सिंह सोलंकी, विष्णु माहेश्वरी, राकेश पोरवाल और अनिल बिश्नोई सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार महा रक्तदान शिविर 17 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड के मिलांज स्टाफ क्लब में आयोजित होगा। शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा की मेडिकल टीम की देखरेख एवं मार्गदर्शन में रक्तदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिकाधिक यूनिट रक्त एकत्रित कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करना और अमूल्य मानव जीवन को बचाने में योगदान देना है। रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में रक्तदान शिविर समाज के लोगों को सेवा और सहयोग के एक मंच पर लाने का माध्यम बनेंगे। जवाहर फाउंडेशन की प्रभारी एवं एलएनजे ग्रुप के ओएसडी रजनीश वर्मा ने क्षेत्र के युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और कर्मचारियों से शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से इस महादान का हिस्सा बनकर जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।




Social Plugin