55वीं वार्षिक आमसभा के बाद कार्यकारिणी की बैठक में हुआ पदाधिकारियों का चयन, उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा
उद्योग-व्यापार के मुद्दों पर एकजुट होकर आगे बढ़ेगा मेवाड़ चैम्बर: अध्यक्ष अनिल मिश्रा
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री को नए कार्यकाल की नई टीम मिल गई है। चैम्बर की 55वीं वार्षिक आमसभा के बाद हुई कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक में जे.के. टायर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक अनिल मिश्रा को वर्ष 2026-27 के लिए सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। जबकि संगठन के भरोसेमंद चेहरे आर.के. जैन 10वीं बार मानद महासचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। नई टीम में उद्योग, बैंकिंग और व्यापार जगत से जुड़े अनुभवी चेहरों को प्रमुख जिम्मेदारियां दी गई हैं। इससे पुर्व आमसभा में उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों, चैम्बर की वर्षभर की गतिविधियों और सदस्यों के हित में किए गए कार्यों पर चर्चा हुई। मानद महासचिव आर.के. जैन ने वर्षभर की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए उद्योग एवं व्यापार से जुड़े मामलों के समाधान के लिए चैम्बर की ओर से किए गए प्रयासों की जानकारी दी। डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने न्यूजीलैंड चैम्बर एवं मेवाड़ चैम्बर के बीच हुए एमओयू की जानकारी दी। उन्होंने दोनों संस्थाओं के बीच हुए समझौते से उद्योग एवं व्यापार जगत को मिलने वाले संभावित अवसरों के बारे में बताया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने पदभार संभालने के बाद चैम्बर के पूर्वाध्यक्षों और सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि चैम्बर की गतिविधियों और उद्योग-व्यापार से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने में सभी सदस्यों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। नई कार्यकारिणी में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. आर.सी. लोढ़ा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर मनोमय टेक्स इंडिया के योगेश लढ़्ढा, संगम इंडिया लिमिटेड के अनुराग सोनी एवं ओस्तवाल ग्रुप के पंकज ओस्तवाल का चयन हुआ। निर्मल कुमार जैन को संयुक्त सचिव तथा एस.के. सुराणा को कोषाध्यक्ष चुना गया।




Social Plugin