गौ माता राष्ट्र माता संकल्प सप्ताह के तहत बड़लियास बगीची के बालाजी में हुआ सम्मान समारोह
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। मेवाड़ के कद्दावर नेता, जहाजपुर के पूर्व विधायक एवं राजस्थान राज्य बीज निगम के पूर्व राज्यमंत्री धर्मवीर धीरज गुर्जर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित “गौ माता राष्ट्र माता संकल्प सप्ताह” के अंतर्गत बड़लियास बगीची स्थित बालाजी मंदिर में सुठेपा सीआर भंवर गुर्जर के नेतृत्व मे संत-महात्माओं एवं समर्पित गौ सेवकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गौ पूजन एवं संतों के आशीर्वचन के साथ हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज से गौ माता की सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। समारोह में क्षेत्र के संत-महात्माओं को शॉल, साफा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही वर्षों से गौ सेवा में सक्रिय गौ सेवकों का भी अभिनंदन कर उनके योगदान की सराहना की गई। आयोजकों ने बताया कि गौ माता राष्ट्र माता संकल्प सप्ताह के दौरान गौ सेवा, जनजागरण एवं सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम का समापन संतों के आशीर्वाद एवं गौ माता की आरती के साथ हुआ। इस दौरान कैलाश चतुर्वेदी, जगदीश पोरवाल, गोपाल नागला, छितर प्रजापत, रतन गुर्जर, दिनेश रेगर, रमेश जायसवाल, नरेश सांगावत, लोकेश रेगर, बबलू खटीक, विनोद किर, रामपाल चतुर्वेदी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




Social Plugin