प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (शहर) जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने दी जानकारी, गौमाता राष्ट्रमाता के समर्थन में चलेगा जनजागरण अभियान
11 से 15 अगस्त तक होंगे प्रदेशव्यापी संकल्प यज्ञ, सम्मान समारोह और हस्ताक्षर अभियान आयोजित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से धर्मवीर धीरज गुर्जर के जन्मोत्सव के अवसर पर 11 से 15 अगस्त तक पूरे राजस्थान में ‘गौमाता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन का संदेश दिया जाएगा। यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (शहर) की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने दी। उन्होने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति व्यापक जनजागरण करना है। जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने बताया की कार्यक्रमों की शुरुआत 11 अगस्त को संकल्प यज्ञ एवं महायज्ञ से होगी, जिसमें गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। 13 अगस्त को संत-महात्माओं एवं गौ सेवकों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर गौ सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। 14 अगस्त को प्रदेशभर के शिवालयों एवं मंदिरों में शिव नंदी अभिषेक का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर गौ संरक्षण का संदेश देंगे। संकल्प सप्ताह का समापन 15 अगस्त को ‘गौमाता राष्ट्रमाता संकल्प समारोह एवं हस्ताक्षर अभियान’ के साथ होगा। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग के समर्थन में जनमत तैयार किया जाएगा। प्रेस वार्ता में उपस्थित वक्ताओ ने बताया की यह कार्यक्रम राजस्थान के सभी जिलों में आयोजित किए जाएंगे। संकल्प सप्ताह के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों, विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉक स्तर पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य केवल जन्मोत्सव तक सीमित न रहकर अधिक से अधिक लोगों को गोसंरक्षण, भारतीय संस्कृति तथा माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने के संकल्प से जोड़ना है। कार्यक्रमों में संत-महात्माओं, गौ सेवकों, सामाजिक संगठनों तथा आमजन से अधिकाधिक संख्या में भागीदारी की अपील की गई है। इस दौरान याकूब मोहम्मद, धमेन्द्र पारीक, रेखा हिरण, मनोज पालीवाल, राजेद्र जैन, एडवोकेट कुणाल ओझा, गोपाल मालवीय, किशन चौधरी, भंवर गुर्जर, शिव प्रकाश घावरी, निसार सिलावट, मोहम्मद शाहिद, योगेश सोनी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




Social Plugin