Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

पेपर लीक, छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में संगठनों का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन



शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रों पर दर्ज कार्रवाई वापस लेने और भर्ती सुधार सहित कई मांगें उठाई

भीम आर्मी भारत एकता मिशन, संविधान बचाओ संघर्ष समिति, आजाद समाज पार्टी और डॉ. अम्बेडकर विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं, भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा छात्र आंदोलनों के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन, संविधान बचाओ संघर्ष समिति, आजाद समाज पार्टी और डॉ. अम्बेडकर विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की गई। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के साथ ही पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई, छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच तथा एनटीए सहित परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की गई। साथ ही सभी भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं का आवेदन शुल्क समाप्त करने, समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की भी मांग उठाई गई। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इसके तहत राज्य स्तरीय प्रदर्शन, जेल भरो आंदोलन और आवश्यक होने पर भारत बंद जैसे लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला संयोजक पंकज डीडवानिया, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष हीरालाल बैरवा, समाजसेवी मोतीलाल सिंघानिया, प्रदेश सचिव सुरेश मेघवंशी, रामेश्वर मेघवंशी, भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष दुर्गालाल बैरवा, मंजू रेगर, ओमप्रकाश रेगर, मनोहरलाल बैरवा, शंकरलाल मेघवंशी, सीताराम रेगर, मेघराज पेंटर, सुरेश घुसर, महेन्द्र मेघवंशी, राजू पहाड़िया, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 
Uploaded Image Uploaded Image