मैदान पर जीतने के लिए नहीं, बल्कि आपसी संबंध बनाने के लिए दिल से खेलें: क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भारत विकास परिषद (राजस्थान मध्य प्रांत) की आजाद शाखा, भीलवाड़ा द्वारा आयोजित छह दिवसीय खेलकूद सप्ताह (7 से 12 जुलाई) का भव्य शुभारंभ मंगलवार को महेश स्पोर्ट्स एकेडमी में हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि नवनिर्वाचित सांसद दामोदर अग्रवाल थे, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी ने की। इस अवसर पर अतिथियों ने आगामी प्रतियोगिताओं के लिए विजेताओं को दी जाने वाली ट्रॉफियों का अनावरण कर खेल सप्ताह का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि सांसद ने आयोजन की सफलता के लिए परिषद को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेल भावना पर जोर देते हुए कहा, मैदान पर जीतने के लिए नहीं, बल्कि आपसी संबंध बनाने और उन्हें प्रगाढ़ करने के लिए दिल से खेलें। खेल के माध्यम से बढ़ने वाला आपसी प्रेम ही इस आयोजन की असली सफलता है। खेलकूद सप्ताह के दौरान बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, बॉक्स क्रिकेट, पिकल बॉल और ट्रेजर हंट जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें परिषद के सदस्य उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इस दौरान गोविन्द सोडानी, संजय समदानी, विनोद कोठारी, आशीष लढा, विनोद राठी, शिव नुवाल, मधु लढा, शारदा चेचाणी, विजयलक्ष्मी समदानी, कल्पना सोनी, भारती मोदानी सहित विभिन्न शाखाओं के कई सदस्य मौजूद रहे।


Social Plugin