पांच महीने 20 दिन बाद भी पूरा नहीं हुआ सड़क निर्माण, धूल और बदहाल मार्ग से कारोबार प्रभावित, एक्सईएन के आश्वासन पर खुला बाजार
धूल, कीचड़ और टूटी सड़क से ग्राहकों की आवाजाही घटी, कारोबार पर पड़ा सीधा असर, व्यापारियों ने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की उठाई मांग
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। नगर निगम की लेटलतीफी और अधूरे सड़क निर्माण कार्य के विरोध में बुधवार को शहर के सर्राफा बाजार के व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखकर नगर निगम प्रशासन और स्थानीय राजनेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उग्र प्रदर्शन किया। करीब पांच महीने 20 दिन पहले सड़क खोदने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सुबह 10 बजे अपने प्रतिष्ठान बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब ढाई घंटे तक सर्राफा बाजार पूरी तरह बंद रहा। बाद में नगर निगम के अधिशासी अभियंता पवन नुवाल के मौके पर पहुंचकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12.30 बजे बाजार फिर से खुल सका। स्थानीय निवासी विनीत शर्मा ने बताया कि नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के बाद सर्राफा बाजार में सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया था। बड़े मंदिर से सांगानेरी गेट तक सड़क का निर्माण तो पूरा कर दिया गया, लेकिन पुराना भीमगंज थाने से अंजुमन स्कूल तक का हिस्सा पिछले कई महीनों से अधूरा पड़ा है। इस कारण व्यापारियों और आमजन को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने बताया कि अधूरी सड़क पर पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) का कार्य हुए भी लगभग एक माह बीत चुका है, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। दिनभर उड़ने वाली धूल से दुकानों में गंदगी फैल रही है और ग्राहकों का बाजार में आना कम हो गया है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। बारिश के दौरान कीचड़ और गड्ढों के कारण हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी भारी असुविधा उठानी पड़ रही है। इन्हीं समस्याओं से परेशान होकर सर्राफा व्यापारियों ने सामूहिक रूप से बाजार बंद रखने का निर्णय लिया। सुबह जिन दुकानदारों ने दुकानें खोली थीं, उन्हें भी अन्य व्यापारियों ने समझाइश देकर प्रतिष्ठान बंद करवाए। देखते ही देखते पूरा सर्राफा बाजार बंद हो गया और क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। बाजार बंद होने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिशासी अभियंता पवन नुवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि अधूरी सड़क का शेष निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराया जाएगा तथा निर्धारित समय में पूरा भी कराया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और दोपहर करीब 12.30 बजे बाजार पुनः खोल दिया। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ तो वे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि सर्राफा बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। अधूरी सड़क और धूलभरे माहौल के कारण ग्राहकों ने बाजार का रुख कम कर दिया है, जिससे व्यापारियों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों ने नगर निगम से मांग की कि अधूरे निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कर बाजार क्षेत्र को शीघ्र सुगम और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो सकें।


Social Plugin