29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव, 30 से चातुर्मास में प्रतिदिन गूंजेंगे श्रीमद्भागवत गीता के श्लोक
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट की ओर से रामधाम के शिवालय में आस्था का सैलाब उमड़ा। अवसर था इंद्रदेव को रिझाने के लिए आयोजित विशेष पूजा-अर्चना व दुग्धाभिषेक का। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार तथा बम-बम भोले के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बन गया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान भैरूलाल अजमेरा एवं उनकी धर्मपत्नी रेखा अजमेरा ने भगवान शिव का दूध, दही, घी, शहद, इत्र और पुष्पों से विधिवत अभिषेक कर भव्य श्रृंगार किया। पंडित रामू, गोविंद, कमलेश, प्रेम एवं पंडित शुक्ला के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने राम-रामेश्वर के दर्शन कर प्रदेश में समय पर अच्छी वर्षा, समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की। ट्रस्ट के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश मानसिंहका एवं सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के तहत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। प्रातः 9.30 बजे संस्थापक ब्रह्मलीन तपोनिष्ठ स्वामी प्रत्यक्षानंद महाराज की प्रतिमा के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना, वंदना एवं गुरु पूजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से रामधाम में भव्य चातुर्मास महोत्सव का शुभारंभ होगा। शंकर मठ (आबू पर्वत) के स्वामी हरि तीर्थ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातः 9 से 10 बजे तक श्रीमद्भगवद्गीता पर विशेष प्रवचन होंगे। साथ ही गीता के श्लोकों का भावार्थ और जीवनोपयोगी संदेश भी श्रद्धालुओं को प्रदान किया जाएगा। रामधाम में धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों का निर्वहन भी निरंतर किया जा रहा है। ललित हेड़ा के नेतृत्व में नियमित रामचरितमानस पाठ तथा कन्हैयालाल मुंदड़ा के सानिध्य में श्रीमद्भगवद्गीता के शुद्ध उच्चारण का सामूहिक पाठ नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संस्थान द्वारा पक्षी सेवा, गौ सेवा, संत सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं को तुलसी के पौधों का वितरण भी किया जा रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण की भावना को भी सुदृढ़ करना है। आयोजन की व्यवस्थाओं में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष हेमंत मानसिंहका, दीपक मानसिंहका सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे रहे। श्रद्धालुओं ने रामधाम में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की सराहना करते हुए आगामी गुरु पूर्णिमा एवं चातुर्मास महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का संकल्प व्यक्त किया।




Social Plugin