Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा डेयरी में उत्साह के साथ मनाया एआई एवं टेक्नोलॉजी दिवस



सहकार सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में किसानों को डिजिटल बैंकिंग, माइक्रो एटीएम एवं सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे ‘सहकार सप्ताह’ के तहत गुरुवार को भीलवाड़ा डेयरी परिसर में ए.आई. एवं टेक्नोलॉजी दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डेयरी से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकारी बैंक के प्रतिनिधियों ने आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से किसानों और दुग्ध उत्पादकों को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। भीलवाड़ा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया कि सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार पूरे देश में सहकार सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में 2 जुलाई को भीलवाड़ा डेयरी में एआई एवं टेक्नोलॉजी दिवस मनाया गया, जिसका उद्देश्य सहकारी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देना और किसानों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में तकनीक प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और सहकारिता क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। डेयरी से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर उनकी आय बढ़ाने और सेवाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न नवाचार किए जा रहे हैं।
डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं की दी जानकारी
 कार्यक्रम के दौरान सहकारी बैंक की विभिन्न योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी भी दी गई। प्रबंध संचालक ने बताया कि सहकारिता के अंतर्गत समितियों एवं दुग्ध उत्पादकों के खाते सहकारी बैंक में खोले जा रहे हैं, जिससे किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। इसके साथ ही किसानों को माइक्रो एटीएम, डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तकनीक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।
किसानों को तकनीक से जोड़ने पर जोर
 कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों का उपयोग दुग्ध उत्पादन, पशुपालन प्रबंधन, डेटा विश्लेषण और वित्तीय सेवाओं में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। तकनीक के माध्यम से किसानों को समय पर जानकारी, पारदर्शी भुगतान और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे डिजिटल तकनीकों को अपनाकर सरकारी योजनाओं और सहकारी सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित
 ए.आई. एवं टेक्नोलॉजी दिवस कार्यक्रम में भीलवाड़ा डेयरी के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार, सहकारी बैंक के मैनेजर आशुतोष मेहता, विभिन्न विभागाध्यक्ष, डेयरी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सहकारिता को तकनीक के साथ जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में तकनीक आधारित नवाचारों को अपनाने और सहकारी क्षेत्र को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। भीलवाड़ा डेयरी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम किसानों और दुग्ध उत्पादकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Uploaded Image