Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

डॉ. अम्बेडकर मित्र परिषद ने 55 विद्यार्थियों को बांटी निशुल्क स्टेशनरी, 15 प्रतिभाओं का किया सम्मान


मेधावी छात्र-छात्राओं एवं राज्य-राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का हुआ अभिनंदन, शिक्षा को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
डॉ. अम्बेडकर मित्र परिषद, खटीक समाज भीलवाड़ा के तत्वावधान में 10वां निशुल्क स्टेशनरी वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को राधा कृष्ण मंदिर, खटीक समाज परिसर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ ही आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क स्टेशनरी किट वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खटीक समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले 15 खिलाड़ियों एवं प्रतिभाओं का भी विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने इन उपलब्धियों को समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। परिषद की ओर से इस वर्ष 55 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निशुल्क स्टेशनरी किट वितरित की गई, ताकि आर्थिक अभाव उनकी शिक्षा में बाधा न बने। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी प्रयास बताया। समारोह में परिषद के अध्यक्ष महावीर खोईवाल, रणजीत खोईवाल, सचिव विनोद पटेल, कोषाध्यक्ष राजकुमार खोईवाल, गोविंद खोईवाल, राजू खोईवाल, सुनील चावला, जसवंत खोईवाल, परमेश्वर खोईवाल, राधेश्याम चंदेल, जगदीश खोईवाल, सुनील सोलंकी तथा खटीक समाज महिला शक्ति संगठन की अनीता पहाड़िया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, भामाशाह एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और खेल किसी भी समाज की प्रगति के मजबूत आधार हैं। डॉ. अम्बेडकर मित्र परिषद पिछले एक दशक से लगातार मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में परिषद पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। समारोह सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिभाओं के सम्मान का प्रेरक उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
 
Uploaded Image Uploaded Image