Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया सम्मानित


विश्व रक्तदाता दिवस पर उदयपुर के गीतांजलि मेडिकल कॉलेज ने फाउंडेशन के सचिव गोपाल विजयवर्गीय को किया सम्मानित

भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, उदयपुर द्वारा सोमवार, 15 जून 2026 को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य विषय “मानवता की एक बूंद-रक्तदान करें, जीवन बचाएं” रहा। इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन, भीलवाड़ा के सचिव गोपाल विजयवर्गीय को रक्तदान जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘हर पंचायत, रक्त पंचायत’ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जनजागरण फैलाने, नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. संगीता गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरप्रीत सिंह, सीईओ ऋषि कपूर तथा पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. गीता मुखिया की गरिमामयी उपस्थिति में गोपाल विजयवर्गीय को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में गोपाल विजयवर्गीय ने विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं से स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग नियमित रूप से रक्तदान करेंगे तो “रक्त करे रोगी का इंतजार” का संकल्प साकार होगा और किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। विजयवर्गीय ने इस सम्मान को फाउंडेशन के सभी कार्यकर्ताओं एवं रक्तदाताओं की सामूहिक उपलब्धि बताते हुए गीतांजलि मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं ब्लड सेंटर की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी फाउंडेशन रक्तदान जागरूकता और जनसेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर जारी रखेगा। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व, स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका तथा समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनों ने नियमित रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के संकल्प को दोहराया।    

Uploaded Image