भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) श्रीआनंद धाम हवेली मंदिर में अधिकमास उत्सवों की श्रृंखला में आज प्रभू श्रीनाथजी, श्री द्वारकाधीश और लालन जी राजभोग के समय भव्य जरदोजी बंगले में विराजे। शयन काल में भक्तों को गुलाबी घटा के दिव्य दर्शन हुए। मंदिर ट्रस्टी सुमन राजेंद्र बाहेती ने बताया कि 10 जून को राजभोग में ठाकुरजी खस के बंगले में शीतलता ग्रहण करेंगे। इसी दिन रात्रि को नौका विहार का विशेष मनोरथ होगा। 11 जून का दिन भीलवाड़ा के वैष्णव समाज के लिए बेहद खास होने वाला है। इस दिन आनंद धाम हवेली परिसर में ही 84 बैठकों का महा मनोरथ साकार किया जाएगा और झारी जी भरवाई जाएंगी। शाम 7.30 बजे से रात 10 बजे तक जोधपुर के भजन गायक विट्ठल के मुखारविंद से सुंदर भजनों की अमृत वर्षा होगी। मंदिर प्रबंधन ने झारी चरण स्पर्श करने वाले श्रद्धालुओं के लिए नियम जारी किए हैं। जो भी वैष्णव झारी चरण स्पर्श की सेवा का लाभ लेना चाहते हैं, वे समय रहते अपना नाम अधिकारी कृष्णा ब्रजवासी को लिखवा सकते हैं। सेवा में शामिल होने वाले सभी भक्तों को अनिवार्य रूप से कोरे (शुद्ध) वस्त्र पहनकर दोपहर 3 बजे तक हवेली में उपस्थित होना होगा। 12 जून को श्षटऋतु मनोरथश् और 14 जून को ठाकुर जी को आम का विशेष भोग धराकर आम का मनोरथ मनाया जाएगा। अधिक मास के अंतिम दिन, यानी 15 जून को मानसी गंगा में भव्य दीपदान के साथ इस अलौकिक मास का समापन होगा। मंदिर मंडल द्वारा ठाकुर जी को रिझाने के लिए रोज़ नए और अलौकिक मनोरथ सिद्ध किए जा रहे हैं, जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में वैष्णव भक्त उमड़ रहे हैं।


Social Plugin