Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भाविप विवेकानंद शाखा के शिविर में जोड़ों के दर्द से परेशान सैकड़ों नागरिकों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

 

 

 

जोड़ों के दर्द और डायबिटीज के लिए लगाया चिकित्सा शिविर, 15 मई से दिव्यांग बच्चों के लिए शुरू होगा विशेष प्रशिक्षण शिविर

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के तत्वावधान में स्थानीय भारत विकास भवन पर दो दिवसीय विशेष चिकित्सा एवं सेवा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में जोड़ों के दर्द से परेशान सैकड़ों नागरिकों ने स्वास्थ्य लाभ लिया, साथ ही सेवा के अन्य प्रकल्प भी पूरे किए गए। शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल एवं सचिव केजी सोनी ने बताया कि शिविर में सेवाएँ देने के लिए विशेष रूप से सूरत के मधुसूदन एक्यूप्रेशर सेंटर से डॉ. आर.एन. वर्मा  एवं डॉ. कमलेश चोरड़िया उपस्थित रहे। डॉ. चोरड़िया ने एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से मरीजों के हाथ-पैर और जोड़ों के दर्द का प्रभावी उपचार किया। इसी क्रम में समाज सेवा के अंतर्गत शिविर में 47 जरूरतमंद व्यक्तियों को डायबिटीज (मधुमेह) की दवा का निःशुल्क वितरण भी किया गया। शिविर के दौरान डॉ. आर.एन. वर्मा ने स्वस्थ जीवनशैली पर जोर देते हुए कहा कि अधिकांश शारीरिक व्याधियाँ गलत खान-पान और पानी पीने की गलत आदतों से उपज रही हैं। उन्होंने परामर्श दिया कि भोजन के कम से कम डेढ़ घंटे बाद ही पानी पीना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य का सूत्र देते हुए बताया कि यदि भोजन सुबह 10, दोपहर 2 और शाम 6 बजे के क्रम में किया जाए और अगले दिन के भोजन में 15 घंटे का अंतराल रखा जाए, तो शरीर स्वयं बीमारियों से लड़ने में सक्षम हो जाता है। शिविर के सफल संचालन में केजी सोनी, महावीर झंवर, सुमित जागेटिया, वन्दना अग्रवाल, बाल कृष्ण पारीक, सरोज पोद्दार एवं जगदीश काबरा की सेवाएँ अत्यंत सराहनीय रहीं। परिषद द्वारा मानवता की सेवा में एक और कदम बढ़ाते हुए आगामी 15 मई से 24 मई तक बौद्धिक दिव्यांग एवं दृष्टिहीन बच्चों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में बच्चों को कंप्यूटर, मोबाइल संचालन, स्विमिंग (तैराकी) एवं अन्य वोकेशनल कोर्सेस सिखाए जाएंगे। यह सेवाक्रम पटेल नगर/आजाद नगर नहर के पास प्रातः 8.00 से 10.30 बजे तक आयोजित होगा।    
Uploaded Image