भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) शहर के मोहम्मदी कॉलोनी, शास्त्री नगर में फातिमा वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘फातिमा कॉन्वेंट स्कूल’ का भव्य उद्घाटन समारोह हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की सदारत मौलाना हाफिज सलीम अकबरी ने की। समारोह की शुरुआत पवित्र फातिहा के साथ की गई, जिसके बाद विद्यालय के शुभारंभ पर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी रियाज खान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए फातिमा वेलफेयर ट्रस्ट के गठन, उसके सामाजिक उद्देश्यों और भावी शिक्षण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल एक शिक्षण संस्थान की स्थापना करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने विद्यालय की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए नवनियुक्त प्राचार्य परवीन बोहरा का सभी से परिचय कराया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी जनाब याकूब मोहम्मद थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जामा मस्जिद के मौलाना हफीजुर्रहमान, डॉ. फरियाद, डॉ. रमजान कयामखानी एवं इदरीस पठान उपस्थित रहे। विद्यालय का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या परवीन बोहरा ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए संस्थान के विजन और भविष्य की योजनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन का वातावरण प्रदान करना है, जिससे वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें। समारोह के दौरान विद्यालय में प्रथम प्रवेश पाने वाली छात्राओं फातिमा शेख एवं आयशा फातिमा का ट्रस्ट की ओर से गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. जाकिर हुसैन तंवर, महासचिव रियाज खान, कोषाध्यक्ष फरीद बागवान, रफीक शेख, सलीम रजा, हाजी शरीफ पठान, अरशद रहमान, हाजी असलम छीपा, नूर इलाही, हाजी अशफाक, असलम शेख, रफीक यूआईटी, उमर नागौरी, डॉ. तौसीफ, गुलाम नबी बागवान, खलील रहमान, हाजी निजाम बीफोरयू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजजन एवं अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में जुबैर रिजवी, उबैद रजा एवं जुनैद बागवान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के अंत में संस्था के अध्यक्ष डॉ. जाकिर हुसैन तंवर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।


Social Plugin