संपर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के दिए निर्देश, आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में सोमवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय में पेयजल, विद्युत एवं चिकित्सा सेवाओं की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने पीएचईडी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं चिकित्सा सुविधाओं में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस दौरान संपर्क पोर्टल पर विभागों के लंबित प्रकरणों तथा राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संधू ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित समय-सारणी अनुसार पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब हैंडपंप एवं ट्यूबवेल की मरम्मत कार्य में गति लाने के निर्देश प्रदान किए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी राजकीय चिकित्सालयों में शुद्ध पेयजल, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने के साथ-साथ विद्युत वायरिंग की सुरक्षा जांच एवं फायर सेफ्टी उपायों को तत्काल प्रभाव से लागू करने हेतु निर्देशित किया गया। नगर निगम को शहर में गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग, नगर निगम, पीएचईडी एवं चिकित्सा विभाग के संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर किए गए निस्तारण की जिला स्तर से नियमित समीक्षा की जाएगी तथा प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता धनपत राज सोनी, परियोजना अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार गर्ग, अधिशाषी अभियंता मयंक शर्मा, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता ओम प्रकाश खटोड, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Social Plugin