भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के चुनाव निर्विरोध सम्पन्न, बाहेती लगातार दूसरी बार हुए जिलाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
सर्वसम्मति से चुनी गई नई कार्यकारिणी, समाज के विकास, एकता और सेवा कार्यों को नई गति देने का लिया संकल्प
मंत्री राठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बल्दवा, अर्थमंत्री मरोटिया सहित 7 सदस्य दूसरी बार हुए निर्विरोध निर्वाचित
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) माहेश्वरी समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा, सेवा, सामाजिक समरसता और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। नई कार्यकारिणी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर समाज हित और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेगी। यह बात भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के लगातार दुसरी बार निर्विरोध नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक कुमार बाहेती ने कही। बाहेती कहा की समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता, चिकित्सा शिविरों के आयोजन, महिला उत्थान कार्यक्रमों तथा युवाओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन और नेतृत्व विकास गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बाहेती ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अल्प आय वर्ग के परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए विशेष अभियान तत्काल प्रारंभ किया जाएगा। ग्राम सभा, क्षेत्रीय सभा, तहसील सभा एवं नगर सभाओं के सहयोग से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। साथ ही जाजू ट्रस्ट के माध्यम से विधवा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए आदित्य बिड़ला समूह के सहयोग से महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानपूर्वक अपना जीवनयापन कर सकें। एवं समाज के पात्र व्यक्तियों को पांच लाख रुपये तक के ऋण उपलब्ध कराने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा। इसके अलावा समाज के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से तहसील स्तर पर विशेष मेलों और शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न योजनाओं की जानकारी, रोजगार के अवसर और सहायता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। इससे पुर्व भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के चुनाव रविवार को आनंदम् भवन, आजाद नगर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्विरोध सम्पन्न हो गए। जिसमे में अशोक कुमार बाहेती लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए। साथ ही समाज के सभी पदों पर सर्वसम्मति बनने के बाद चुनाव प्रक्रिया बिना किसी मुकाबले के संपन्न हुई। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई, जिससे समाज में एकजुटता का संदेश गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन लाल मण्डोवरा द्वारा निर्वाचित पदाधिकारियों की सूची जारी करते ही समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। जिला माहेश्वरी सभा के चुनाव को लेकर समाज में पिछले कई दिनों से उत्सुकता बनी हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पदों पर केवल एक-एक उम्मीदवार होने से निर्विरोध निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त हो गया। चुनाव अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों ने विधिवत घोषणा करते हुए नई कार्यकारिणी को निर्वाचित घोषित किया। जारी सूची के अनुसार अशोक कुमार बाहेती को भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। वहीं प्रदीप बल्दवा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, केदार गगरानी को उपाध्यक्ष (शहर), रामराय सेठिया को उपाध्यक्ष (ग्रामीण), रमेश चन्द्र राठी को मंत्री, सुशील कुमार मरोटिया को अर्थमंत्री, संजय जागेटिया को संगठन मंत्री, राजेन्द्र कुमार पोरवाल को सहमंत्री (शहर), दिनेश तोषणीवाल को सहमंत्री (ग्रार्मीण) तथा मानसिंह मूंदड़ा को सहमंत्री (ग्रार्मीण) पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव की सबसे विशेष बात यह रही कि मंत्री पद पर रमेश चन्द्र राठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप बल्दवा, उपाध्यक्ष रामराय सेठिया, और अर्थमंत्री पद पर सुशील कुमार मरोटिया, सहमंत्री राजेन्द्र कुमार पोरवाल (शहर), दिनेश तोषणीवाल (ग्रार्मीण) लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। समाजजनों ने इसे तीनों पदाधिकारियों की कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और समाज के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि पिछले कार्यकाल में अध्यक्ष के साथ ही 7 पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक गतिविधियों को गति देने और समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसके कारण उन्हें पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्वाचन की घोषणा होते ही सभा स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिला सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। मुख्य चुनाव अधिकारी मण्डोवरा ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए केन्द्रीय चुनाव अधिकारी राधेश्याम सोमानी, प्रदेश पर्यवेक्षक रामगोपाल सोमानी, केन्द्रीय पर्यवेक्षक कैलाश चन्द्र मंत्री तथा मुख्य जिला चुनाव अधिकारी रतनलाल मण्डोवरा, जिला चुनाव अधिकारी लक्ष्मीनारायण सोमानी, तेजकरण बहेडिया की भूमिका की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के सर्वांगीण विकास, संगठन की मजबूती और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सभी समाजबंधुओं ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की कामना की। भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के निर्विरोध चुनाव ने यह साबित कर दिया कि जब समाज एकजुट होकर कार्य करता है तो संगठन की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। अंत में अशोक बाहेती ने विश्वास जताया कि उनकी पूरी टीम पूर्व की तरह समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करेगी और सामूहिक प्रयासों से भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा को देश की अग्रणी जिला सभाओं में शामिल करने का प्रयास करेगी। नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया ने सभी का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया।
टीम अच्छी बनी है, समाज उत्थान के लिए कार्य करें: रामपाल सोनी
इस दौरान महासभा के पूर्व सभापति रामपाल सोनी ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा ने हमेशा सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई है और नई कार्यकारिणी भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाएगी। टीम अच्छी बनी है। इनको समाज के उत्थान के काम करने चाहिए। जिले की टीम ने पूर्व में भी अच्छा कार्य किया है और आगे भी टीम भावना से कार्य करेगी। नए सत्र में अनुभव का लाभ समाज को मिलना चाहिए। हर दो माह में कार्यसमिति/कार्यकारी मण्डल की मीटिंग कर महासभा की सभी योजनाओं का लाभ ग्रामीण अंचल तक पहुंचना चाहिए। और सभी को काम अलग अलग पदाधिकारियों में बाट कर करना चाहिए।
ये रहे मौजूद
इस अवसर राधेश्याम चेचानी, कैलाश कोठारी, अनिल बांगड़, प्रहलादराय लढ़ा, ओम नराणीवाल, राजेन्द्र कचोलिया, कृष्ण गोपाल जाखेटिया, सत्यनारायण मून्द्रडा, बाबूलाल जाजू, कैलाश ईनाणी, अभिजित सारडा, सत्येन्द्र बिरला, ओमप्रकाश गटयाणी, दिनदयाल मारू, राजेन्द्र बिरला, सुरेश कचोलिया, अतुल राठी, सुरेश बिरला, प्रहलाद नुवाल, केजी राठी, सुनील बियानी, प्रमोद डाड, मनोहर अजमेरा, रामकृष्ण पोरवाल, रामकिशन सोनी, महेन्द्र काकानी, रमेश चन्द्र बसेर, सुभाष बाहेती, लोकेश आगाल सहित सभी तहसील सभाओ के अध्यक्ष, मंत्री सहित जिला कार्यकारणी सदस्य व समाज बंधु मौजूद थे।


Social Plugin