सेवा कार्य के आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं : विधायक अशोक कोठारी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में फाल्गुन महोत्सव का शुभारंभ भव्य रक्तदान शिविर के साथ हुआ। सेवा भाव से आयोजित इस शिविर में कुल 427 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ जिंदल सॉ लिमिटेड, भीलवाड़ा के एच.आर. एवं एडमिन हेड डॉ. एस.बी. सिन्हा एवं रोहित जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। रक्त संग्रहण में महात्मा गांधी चिकित्सालय ब्लड बैंक (54 यूनिट), कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक (23 यूनिट), भीलवाड़ा ब्लड बैंक (100 यूनिट) एवं अरिहंत चिकित्सालय (250 यूनिट) की टीमों ने सहयोग दिया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं प्रथम बार रक्तदान करने वाले श्याम प्रेमियों ने भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक अशोक कोठारी ने भी शिविर स्थल का अवलोकन किया एवं रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इसके अलावा संदीप मोटर्स के डायरेक्टर श्रीगोपाल राठी, मोहित भीमसरिया, जगदीश अग्रवाल, रामनारायण लड्ढा, हीराराम शर्मा, कैलाश आदि ने भी रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया। फाल्गुन माह को बाबा श्याम की विशेष कृपा का समय माना जाता है। "हारे के सहारे" के रूप में पूज्य बाबा श्याम अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी आस्था को ध्यान में रखते हुए काशीपुरी धाम में इस वर्ष व्यवस्थाएं खाटू धाम की तर्ज पर की गई हैं। मंदिर परिसर को भव्य सजावट, आकर्षक दरबार, अखंड ज्योत एवं सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था से सजाया गया है। समिति अध्यक्ष श्री सुरेश पोद्दार ने बताया कि रक्तदान शिविर के साथ महोत्सव की विधिवत शुरुआत हो चुकी है और आगामी दिनों में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि 26 फरवरी को अखंड ज्योत पाठ, 27 फरवरी को प्रातः भव्य निशान यात्रा, दोपहर में छप्पन भोग एवं संकीर्तन तथा सायंकाल भजन संध्या आयोजित होगी। 28 फरवरी को प्रातः कीर्तन एवं महाआरती के साथ विशेष आयोजन संपन्न होंगे। मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने सभी श्याम प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है।


Social Plugin