हर भक्त ठाकुर जी के रंग में रंगा नजर आया, चंग की थाप, अबीर-गुलाल के बीच सांवरिया सेठ का दरबार दमका
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वस्त्रनगरी के निकटवर्ती नौगांवा स्थित माधव गौशाला परिसर रविवार को लघु वृंदावन के रूप में नजर आया। श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित श्फाग महोत्सवश् में भक्ति, शक्ति और उल्लास का ऐसा त्रिवेणी संगम हुआ कि हर भक्त ठाकुर जी के रंग में रंगा नजर आया। चंग की थाप, भजनों की स्वर लहरियां और अबीर-गुलाल के बीच सांवरिया सेठ का दरबार दिव्य आभा से दमक उठा। महोत्सव का शुभारंभ रविवार प्रातः 10.00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान सांवरिया सेठ के विशेष दुग्धाभिषेक एवं पंचामृत अभिषेक के साथ हुआ। मंदिर के पुजारी दीपक आनंद पाराशर द्वारा ठाकुरजी का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया, जिसमें भगवान को फाग की विशेष मनमोहक पोशाक धारण कराई गई। इस अवसर पर आस्था का केंद्र रहा श्छप्पन भोगश्, जिसमें 70 से अधिक प्रकार के शुद्ध मिष्ठान और व्यंजनों को कलात्मक रूप से सजाकर भगवान को अर्पित किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गौ सेवा और भक्ति को एक सूत्र में पिरोना है। फाग महोत्सव में भजन गायिका मिताली ने जब बरसाने में होली रे और म्हारा सांवरिया सेठ आओ नौगांवा में, फूलां सूं होली खेलां रे जैसे भजनों की प्रस्तुति दी, तो समूचा पंडाल झूम उठा। चंग की थाप पर भीलवाड़ा टेक्सटाइल फेडरेशन, भारत विकास परिषद और लघु उद्योग भारती सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भावविभोर होकर नाचने लगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनारस की तर्ज पर की गई भव्य महाआरती रही, जिसकी रोशनी और मंत्रों की गूंज से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। इस विशेष मौके पर संघ प्रचारक सुरेश भाई ने संदेश दिया कि यहाँ सांवरिया सेठ एक श्ढाणीश् के रूप में विराजमान हैं, जहाँ गोमाता के मध्य श्रीकृष्ण और श्रीकृष्ण के मध्य गोमाता का वास है। आयोजन को सफल बनाने में मदन गोपाल और रवि कालरा का विशेष सहयोग रहा। ट्रस्ट ने घोषणा की है कि इसी कड़ी में आगामी 27 मार्च से गोवत्स राधाकृष्ण महाराज के श्रीमुख से भागवत समरसता महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महाआरती के पश्चात हजारों श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग का प्रसाद ग्रहण किया। इस महोत्सव ने नौगांवा गौशाला को भक्ति और सामाजिक समरसता के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है।


Social Plugin