Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा में खाद-बीज विक्रेताओं का महाबंद, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। ऑल इंडिया एग्रो डीलर्स एसोसिएशन तथा राजस्थान एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर आज जिला कृषि आदान विक्रेता संस्थान, भीलवाड़ा द्वारा एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल (महाबंद) का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी खाद-बीज विक्रेताओं ने अपने प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। विक्रेताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम 12 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन जिला कलेक्टर, अतिरिक्त निदेशक (कृषि) तथा संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार), भीलवाड़ा के माध्यम से प्रेषित किया। हड़ताल के पूर्व दोपहर 3 बजे ’अग्रवाल बीज उद्योग’ पर विक्रेताओं की एक आमसभा आयोजित की गई। सभा में विक्रेताओं ने अपनी लंबित मांगों और व्यावसायिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। तत्पश्चात, सभी विक्रेता एक रैली के रूप में कृषि विभाग कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। संस्थान के अध्यक्ष शांतिलाल पालीवाल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सरकार द्वारा सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। इस अवसर पर संस्थान के उपाध्यक्ष नरेंद्र काबरा, राजेंद्र भाटी, कोषाध्यक्ष कौशल, मुजफ्फरनगर, शांतिलाल शर्मा, राम प्रकाश अग्रवाल, सौरभ, चेतन अग्रवाल सहित भीलवाड़ा जिले के बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
Uploaded Image