भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्य सचिव एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता खेमचंद मीणा द्वारा पिछली बैठक की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नेशनल हाईवे एवं स्टेट हाईवे पर स्थित अवैध कट एवं अवैध स्पीड ब्रेकर हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में स्थित 65 शराब की दुकानों की सूची तैयार कर आबकारी विभाग के सहयोग से अवैध दुकानों को बंद करवाने के निर्देश प्रदान किए गए। शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के 23 ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य एवं भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक लाइट सुचारू रूप से संचालित रखने, जेब्रा क्रॉसिंग, लाइनिंग एवं चौराहों के सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ट्रैफिक पार्क में छात्र-छात्राओं एवं आमजन को प्रशिक्षण देने तथा 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों द्वारा वाहन लाने पर चालान एवं अभिभावकों को समझाइश देने के निर्देश दिए गए। गुड सेमेरिटन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु व्यस्त चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाने तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए। इस योजना के तहत सहायता करने वाले व्यक्तियों को 25,000 रुपये का प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है। नो पार्किंग में वाहन खड़े करने, गलत दिशा में वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, चालान, लाइसेंस निलंबन एवं नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए। खनिज क्षेत्र एवं अन्य मार्गों पर चलने वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में यातायात पुलिस द्वारा हाइड्रोलिक क्रेन की मांग पर नगर विकास न्यास को शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। शहर की सड़कों से निराश्रित पशुओं को हटाकर काइन हाउस में भेजने तथा अतिक्रमण हटाकर चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए। क्षमता से अधिक भार परिवहन (ओवरलोडिंग), बिना हेलमेट वाहन चलाने एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा ओवरलोड वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।

Social Plugin