Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

मधुबनी चित्रकला में जीवंत हुई छठ महापर्व की लोक आस्था



भीलवाड़ा की युवा चित्रकार अनु प्रजापत ने सूर्य उपासना, प्रकृति और लोक परंपराओं को रंगों में उकेरा

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
छठ महापर्व की धार्मिक आस्था, सूर्य उपासना और लोक परंपराओं को भीलवाड़ा की युवा चित्रकार अनु प्रजापत ने अपनी तूलिका से मधुबनी चित्रकला के रंगों में जीवंत कर दिया है। आकृति कला संस्थान भीलवाड़ा की इस कलाकार ने पूर्वांचल के प्रमुख लोकपर्व छठ पूजा पर आधारित आकर्षक एवं भावपूर्ण कलाकृति तैयार की है। इसमें पर्व की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को पारंपरिक मिथिला कला शैली के माध्यम से खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। अनु प्रजापत ने अपनी कलाकृति में छठ पूजा से जुड़ी लोक आस्था, सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना जैसे भावों को प्रमुखता से दर्शाया है। चित्र में भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना के साथ जल, हरियाली और प्रकृति के महत्व को भी विशेष स्थान दिया गया है। कलाकृति के ऊपरी मध्य भाग में तेजस्वी सूर्यदेव को दर्शाया गया है, जो ऊर्जा, प्रकाश, जीवन और समृद्धि के प्रतीक हैं। उनके आसपास छठ पूजा की तैयारियों, प्रसाद निर्माण और पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों में जुटी महिलाओं का चित्रण किया गया है। वहीं चित्र के निचले हिस्से में जलाशय में खड़ी व्रती महिलाओं को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हुए दिखाया गया है। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में बांस के सूप, डाला, फल, दीप और अन्य पूजन सामग्री के साथ सूर्यदेव की आराधना करती नजर आती हैं। चित्र में गन्ने, केले के पत्तों, केले के घौद और विभिन्न फलों को भी स्थान दिया गया है। ये सभी प्रतीक छठ पूजा की पारंपरिक मान्यताओं और प्रकृति से पर्व के गहरे जुड़ाव को दर्शाते हैं। कलाकृति में पूजा की तैयारियों से लेकर अर्घ्य देने तक के विभिन्न प्रसंगों को एक साथ समेटने का प्रयास किया गया है। कलाकृति के निर्माण में मधुबनी (मिथिला) चित्रकला की पारंपरिक विशेषताओं का विशेष ध्यान रखा गया है। स्पष्ट रेखांकन, आकर्षक रंग संयोजन, पारंपरिक आकृतियां, सजावटी पैटर्न, बारीक अलंकरण और चित्र के खाली स्थानों को सूक्ष्म डिजाइनों से भरने की विशिष्ट शैली इसे खास पहचान देती है। रंगों और रेखाओं के माध्यम से अनु ने छठ महापर्व की धार्मिक भावना के साथ भारतीय लोकजीवन की सांस्कृतिक विविधता को भी अभिव्यक्त किया है। अनु प्रजापत का यह प्रयास भारतीय लोककला और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उनकी कलाकृति न केवल छठ महापर्व की परंपराओं और लोक आस्था का परिचय कराती है, बल्कि मधुबनी जैसी समृद्ध पारंपरिक चित्रकला शैली के संरक्षण और प्रचार-प्रसार का संदेश भी देती है। इस माध्यम से उन्होंने यह दर्शाया है कि कला के जरिए भारतीय त्योहारों, धार्मिक मान्यताओं और लोक संस्कृति को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया जा सकता है।                
Uploaded Image