माधव गौशाला में 10 नवंबर को सजेगा भव्य अन्नकूट महोत्सव, 1700 किलो सामग्री से बनेगा महाप्रसाद
नर्मदेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी शुरू, 285 बार लिखेंगे ओम नमः शिवाय
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। दीपावली के उल्लास के बीच नौगांवा की माधव गौशाला में इस बार धार्मिक आयोजनों के साथ गौ-संरक्षण और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा देने की पहल भी देखने को मिली। श्री सांवरिया सेठ मंदिर परिसर में अयोध्या से आए श्रीरामलला के पावन संदेश का विमोचन कर श्रद्धालुओं को गौ-सेवा और स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया गया। वहीं, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों के साथ 10 नवंबर को होने वाले भव्य अन्नकूट महोत्सव की रूपरेखा भी तय की गई। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने अयोध्या से आए पावन संदेश का वाचन करते हुए आमजन से दीपावली पूजन से पहले घर के पूजा स्थल और गोवर्धन पूजा के दौरान देसी गौ-माता के गोबर से लेपन कर पूजा-अर्चना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देशभर में संचालित इस अभियान से जुड़कर गौ-माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेना चाहिए। विधायक अशोक कोठारी के संदेश के साथ कार्यकर्ता एवं अन्य सहयोगियों ने श्रद्धालुओं को पावन संदेश पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में आगामी 11 फरवरी को बसंत पंचमी पर आयोजित होने वाले नर्मदेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों का भी शुभारंभ किया गया। प्रचारक सुरेश भाई साहब के आह्वान पर ओम नमः शिवाय मंत्र लेखन पत्रक का विमोचन किया गया। प्रत्येक पत्रक में 285 बार मंत्र लिखने की व्यवस्था है। ये पत्रक माधव गौशाला, रामधाम और पुर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं द्वारा भरे गए पत्रक मंदिर परिसर में जमा किए जाएंगे। माधव गौशाला में आगामी 10 नवंबर को पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव एवं अन्नकूट की लूट का आयोजन होगा। इसके लिए करीब 1500 किलो सब्जी और 200 किलो चावल से चवले-चावल का प्रसाद तैयार किया जाएगा। मंदिर परिसर में प्रसाद का विशाल ढेर सजाया जाएगा। गौशाला के ग्वाले और श्रद्धालु भगवा वस्त्र, पगड़ी सहित पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में शामिल होंगे। अन्नकूट लूट की परंपरा के बाद श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। दर्शन और आवागमन की सुगमता के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन के सफल संचालन के लिए राकेश खोईवाल को संयोजक नियुक्त किया गया है। सहमंत्री श्रवण सेन ने बताया कि कार्यक्रम में पंडित आनंद पाराशर, अजीत सिंह, सूरज सिंह और उदयलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अंत में महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।




Social Plugin