शहर में बनाए 84 वितरण केंद्र, शुद्ध देसी घी की मिठाइयों पर रहेगा जोर, वर्ष 1998 से जारी है प्रकल्प
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शुद्ध देसी घी की मिठाइयों के लिए शहरवासियों के बीच खास पहचान बना चुका सहकार भारती मिठाई प्रकल्प एक बार फिर तैयार है। वर्ष 1998 से जारी इस पहल के तहत गुरुवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भट्ठी मुहूर्त किया गया। इस बार भी शहर में 84 वितरण केंद्रों के जरिए लोगों को उचित दरों पर विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और नमकीन उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला संगठन प्रमुख रामनरेश विजयवर्गीय ने बताया कि भट्टी मुहूर्त के अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर प्रकल्प की सफलता और निरंतर प्रगति की कामना की। जिलाध्यक्ष सुभाष चेचानी ने बताया कि सहकार भारती द्वारा वर्ष 1998 से लगातार मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा है। सहकारिता की भावना के साथ संचालित इस प्रकल्प के माध्यम से शहरवासियों को शुद्ध देसी घी की मिठाइयां उचित कीमतों पर उपलब्ध कराई जाती हैं। शहरवासियों में इस प्रकल्प की मिठाइयों को लेकर हर वर्ष खास उत्साह रहता है। लोगों का विश्वास और स्नेह ही इसकी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मिठाइयों का निर्माण अग्रसेन भवन, अरिहंत हॉस्पिटल के पास, शास्त्री नगर, भीलवाड़ा में किया जा रहा है। यहां तैयार मिठाइयां और नमकीन शहर के 84 वितरण केंद्रों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाए जाएंगे। जिला महामंत्री दुर्गालाल सोनी ने बताया कि प्रकल्प के तहत केसर काजू कतली, प्लेन काजू कतली, व्हाइट कंपाउंड, चॉकलेट कंपाउंड, बेसन चक्की, गोंद पाक, प्लेन नमकीन और खट्टा-मीठा मिक्सचर सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयां एवं नमकीन उपलब्ध रहेंगे। प्रकल्प का मुख्य उद्देश्य आमजन को उचित दरों पर शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। समिति के अंकित सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम में मिठाई प्रकल्प प्रमुख छितर लढा, जिला कोषाध्यक्ष सीए नवनीत तोतला, नगर अध्यक्ष संजय पांडे, नगर महामंत्री जगदीश लढा, कन्हैयालाल अग्रवाल, सीए मनोज सोनी, मुकेश बिश्नोई, सुरेंद्र पटवारी, दिनेश मंत्री, विभाग महिला संयोजक विजया सुराणा एवं किरण सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




Social Plugin