जरूरतमंद बच्चों को दीपक, तेल, पटाखे और बिस्कुट देकर मनाया रोशनी का पर्व, खिल उठे नौनिहालों के चेहरे
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। दीपावली की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उनकी रोशनी दूसरों के जीवन तक भी पहुंचे। इसी सेवा और संवेदना के भाव को साकार करते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी भीलवाड़ा महिला समिति ने कच्ची बस्ती में जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के साथ दीपावली मनाकर खुशियों की सौगात बांटी। समिति की ओर से बच्चों को दीपक, तेल, फूलझड़ियां, पटाखे एवं बिस्किट वितरित किए गए। दीपावली की सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। उनकी मासूम मुस्कान और उत्साह ने आयोजन को भावनात्मक बना दिया। समिति का उद्देश्य आर्थिक अभाव में त्योहार की खुशियों से वंचित रहने वाले परिवारों तक भी दीपावली का उल्लास पहुंचाना था। इस सेवा कार्य में समिति अध्यक्ष मधु लढा, सचिव अनुपमा मंत्री, सह सचिव निर्मला बाहेती एवं सह पर्यावरण प्रमुख चेतना बसेर का विशेष योगदान रहा। कार्यालय संगिनी मधु हिंगड़, भावना बांगड़ सहित समिति की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं और आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। समिति ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाली सभी बहनों का आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का अवसर भी है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक त्योहार की खुशियां पहुंचे और कोई भी बच्चा दीपावली के उल्लास से वंचित न रहे, इसी भावना के साथ समिति ने यह सेवा कार्य किया।




Social Plugin