Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

आसींद में निकाय के बाद पंचायत चुनाव में भी ‘उम्मेद’ का सहारा, बनाया कोऑर्डिनेटर



 

आसींद पंचायत समिति की सियासी बिसात फिर उम्मेद सिंह राठौड़ के हवाले, चुनावी मैनेजमेंट और संगठन तालमेल की जिम्मेदारी

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। आसींद की सियासी बिसात पर भाजपा ने एक बार फिर उम्मेद सिंह राठौड़ को आगे किया है। पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर जारी संगठनात्मक नियुक्तियों में पार्टी ने राठौड़ को आसींद पंचायत समिति का पुनः समन्वयक बनाया है। निकाय चुनाव में बहुमत के अभाव के बावजूद भाजपा के पक्ष में चेयरमैन बनाने में उनकी भूमिका को पार्टी संगठन महत्वपूर्ण मानता रहा है। अब पंचायत चुनाव में दोबारा जिम्मेदारी मिलने से आसींद में भाजपा की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मैनेजमेंट की कमान फिर राठौड़ के हाथों में रहेगी। पार्टी संगठन की ओर से इसे आसींद में पूर्व के चुनावी अनुभव और संगठनात्मक समन्वय को देखते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है। हाल के आसींद नगरपालिका घटनाक्रम में निर्दलीय चेयरमैन देवी लाल साहू के नामांकन वापस लेने और चार निर्दलीय पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी की ओर से राठौड़ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी उनके संगठनात्मक प्रयासों के लिए सम्मानित किया था। भाजपा से जुड़े स्थानीय दावों के अनुसार, पूर्व निकाय चुनाव में स्पष्ट बहुमत की स्थिति नहीं होने के बावजूद राठौड़ की रणनीति और समन्वय के बाद पार्टी चेयरमैन बनाने में सफल रही थी। पार्टी समर्थकों की ओर से इस घटनाक्रम को 17-0 के परिणाम से जोड़ा जाता है। आगामी पंचायत चुनाव में एक बार फिर उन्हें आसींद की जिम्मेदारी मिलने से संगठन में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राठौड़ को इससे पहले भाजपा के चुनाव विभाग में जिला संयोजक की जिम्मेदारी भी दी जा चुकी है, जहां उन्हें चुनाव प्रक्रिया से जुड़े संगठनात्मक कार्यों और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
Uploaded Image