महाप्रज्ञा स्कूल जूनियर और मुरलीधर मानसिंहका बालिका स्कूल सीनियर वर्ग में विजेता, अब रीजनल स्तर पर करेंगी भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। स्क्रीन पर सवाल आया और बजर दबाने की होड़ शुरू हो गई। इतिहास, संस्कृति, धर्म और भारत के गौरवशाली अतीत से जुड़े सवालों ने विद्यार्थियों की मेधा परखी। मौका था भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा की ओर से शास्त्री नगर स्थित महाप्रज्ञा पब्लिक स्कूल में आयोजित परिषद स्तरीय ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता का। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर स्क्रीन और बजर राउंड के साथ हुई प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मुकाबला किया। प्रतियोगिता में भीलवाड़ा शहर के 9 जूनियर और 5 सीनियर विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। मंच पर सवालों की बौछार के बीच त्वरित जवाब देने की होड़ ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। जूनियर वर्ग में महाप्रज्ञा पब्लिक स्कूल, शास्त्री नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग में सेठ मुरलीधर मानसिंहका बालिका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की टीम विजेता रही। दोनों विजेता टीमें अब रीजनल स्तर की ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगी। कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, कार्यक्रम प्रभारी मनोज माहेश्वरी, सह प्रभारी भैरूलाल अजमेरा, अतुल शाह, शिव नारायण ईनाणी व ओम प्रकाश मूंदड़ा उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों के 8 शिक्षक, 5 अतिथि और 4 अभिभावक भी कार्यक्रम के साक्षी बने।




Social Plugin