Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भक्ति की राह पर 5 किमी दौड़ीं बेटियां, विनायक विद्यापीठ भुनास की पहल पर अनूठी मैराथन

 

 

मुजरास टोल नाके से नौगांवा मंदिर तक बेटियों ने दिया आस्था और गौसेवा का संदेश, सांवरिया सेठ के दर्शन के बाद बालिकाओं को प्रसाद स्वरूप पिलाई छाछ

 

मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी की अगुवाई में बालिकाओं ने गौशाला में गोबर गैस प्लांट की कार्यप्रणाली भी समझी

 

 

      भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भक्ति की राह पर बेटियों ने जब दौड़ लगाई तो संदेश सिर्फ फिटनेस का नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, पर्यावरण और गौसेवा का भी बना। विनायक विद्यापीठ भुनास के तत्वावधान में आयोजित 5 किलोमीटर की अनूठी मैराथन में गंगापुर, भुनास, ढोसर, मुजरास और लाखोला विद्यालयों की बालिकाओं ने उत्साह से भाग लिया। लाल टी-शर्ट और काले ट्रैक पैंट में एक लय में दौड़ती छात्राएं आकर्षण का केंद्र रहीं। मुजरास टोल नाके से शुरू हुई मैराथन नौगांवा स्थित प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पूरे मार्ग पर पुख्ता इंतजाम रहे। पुलिसकर्मियों ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली, वहीं हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और एम्बुलेंस भी मैराथन के साथ चलते रहे। दौड़ पूरी करने के बाद बालिकाओं ने श्री सांवरिया सेठ मंदिर में प्रभु के दर्शन कर नमन किया। इसके बाद राज नायक एवं देवेंद्र कुमावत के सानिध्य में उन्होंने स्थानीय गौशाला का भ्रमण किया। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी की अगुवाई में बालिकाओं ने गौमाता के दर्शन किए और गौशाला की परिक्रमा की। उन्हें गौशाला में स्थापित गोबर गैस प्लांट की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। कार्यक्रम के समापन पर परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान एवं श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट नौगांवा की ओर से सभी प्रतिभागी बालिकाओं को गौमाता के प्रसाद स्वरूप छाछ वितरित की गई। मैराथन ने बालिकाओं में स्वास्थ्य और अनुशासन के साथ भक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं गौसेवा का संदेश भी दिया।
Uploaded Image