13 अक्टूबर को हरिसेवा धाम में जुटेंगे जिलेभर के गौभक्त, संत-महात्माओं के सानिध्य में बनेगी आगामी कार्यक्रमों की रणनीति
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण को लेकर भीलवाड़ा में तैयारियां तेज हो गई हैं। 31 करोड़ हस्ताक्षरों के लक्ष्य को लेकर 13 अक्टूबर को हरिसेवा धाम उदासीन आश्रम में जिला स्तरीय बैठक होगी। इसमें संत-महात्माओं के मार्गदर्शन में अभियान को गति देने की रणनीति तय की जाएगी। अभियान के जिला समन्वयक सुनील जागेटिया ने बताया कि 13 अक्टूबर की बैठक की तैयारियों को लेकर विधायक अशोक कुमार कोठारी के सानिध्य में विधायक कार्यालय पर बैठक हुई। इसमें जिला स्तरीय बैठक की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। अभियान से जुड़े संत लाल दास महाराज ने बताया कि हरिसेवा धाम में परम गौभक्त ग्वाल संत गोपालानंद महाराज के सानिध्य में महामंडलेश्वरों एवं संत-महात्माओं के आशीर्वचन और मार्गदर्शन का लाभ गौभक्तों को मिलेगा। अभियान के तृतीय चरण के तहत 17 दिसंबर 2026 को 31 करोड़ हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र राज्य के मुख्य सचिव के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। इसी लक्ष्य को लेकर जिला स्तर पर अभियान को गति देने के लिए 13 अक्टूबर की बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संभाग प्रभारी नंदकिशोर साहू, जिला प्रभारी जगदीश तेली, सत्यम शर्मा, हरीश श्रोत्रिय, गजेंद्र सिंह राठौड़, संजय राठी, पृथ्वीराज सिंह सहित गौभक्त उपस्थित रहे।



Social Plugin