Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

हिंदुस्तान जिंक की आधिकारिक यात्राएं होंगी डिजिटल, उबर फॉर बिजनेस से साझेदारी

 

120 से अधिक शहरों में मिलेगी सुविधा, बुकिंग से बिलिंग तक की प्रक्रिया होगी आसान

 

उदयपुर (पंकज पोरवाल)। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने कर्मचारियों की आधिकारिक यात्राओं को आसान, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए उबर फॉर बिजनेस के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत कर्मचारियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर यात्रा बुकिंग, कॉर्पोरेट बिलिंग और ट्रैवल मैनेजमेंट की सुविधाएं मिलेंगी। कंपनी की यह पहल कार्यस्थल पर डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और कर्मचारियों के रोजमर्रा के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस साझेदारी के तहत कर्मचारियों के मौजूदा उबर ऐप में हिंदुस्तान जिंक का विशेष बिजनेस प्रोफाइल जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से कर्मचारी व्यक्तिगत और आधिकारिक प्रोफाइल के बीच आसानी से बदलाव कर सकेंगे। भारत के 120 से अधिक शहरों में व्यावसायिक यात्राओं, मीटिंग्स, साइट विजिट, एयरपोर्ट ट्रांसफर, क्लाइंट मीटिंग और इंटर-सिटी यात्रा के लिए उबर फॉर बिजनेस की सुविधा उपलब्ध होगी। साझेदारी की प्रमुख विशेषता कॉर्पोरेट बिलिंग का डिजिटल एकीकरण है। इससे यात्रा की बुकिंग से लेकर भुगतान और बिलिंग तक की प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी बनेगी। कर्मचारी अपनी यात्राएं पहले से बुक कर सकेंगे, जिससे निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार यात्रा की योजना बनाने और समय बचाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उबर की सुरक्षा सुविधाओं, 24 घंटे सहायता, उबर फॉर बिजनेस सपोर्ट और सेफ्टी सपोर्ट का लाभ भी मिलेगा। हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि कंपनी अधिक डिजिटल और चुस्त कार्यस्थल के निर्माण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। उद्देश्य केवल संचालन में तकनीक का इस्तेमाल करना नहीं, बल्कि कर्मचारियों के रोजमर्रा के अनुभवों को भी सरल बनाना है। उबर फॉर बिजनेस के साथ साझेदारी कर्मचारियों को परिचित प्लेटफॉर्म पर सुविधाजनक और भरोसेमंद यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। इससे बुकिंग, बिलिंग और यात्रा प्रबंधन से जुड़ी जटिलताएं कम होंगी। उबर फॉर बिजनेस इंडिया के एंटरप्राइज सेल्स प्रमुख सुदीप्त अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में संस्थाओं को ऐसी यात्रा सेवाओं की जरूरत है, जो सुविधाजनक, भरोसेमंद और प्रभावी हों। हिंदुस्तान जिंक के साथ साझेदारी कर कर्मचारियों की यात्रा को आसान बनाने और उनकी विभिन्न व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप बेहतर समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। हिंदुस्तान जिंक अपनी खनन और धातु उत्पादन गतिविधियों में पहले से ही ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) और रिमोट ऑपरेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है। उबर फॉर बिजनेस के साथ यह साझेदारी कंपनी की व्यापक डिजिटल परिवर्तन रणनीति का हिस्सा है। इसके जरिए अब कर्मचारियों की आधिकारिक यात्रा सेवाओं को भी तकनीक आधारित, व्यवस्थित और अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा।

Uploaded Image