Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

मरुधरा माहेश्वरी युवा मंच ने सजाई भक्ति की शाम, बाबा रामदेव के भजनों पर झूमे श्रद्धालु


 

 

बीकानेर के नानू गोपाली की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, महापौर जसवंत कंवर व उपमहापौर राधेश्याम सोमानी का किया भव्य स्वागत एवं अभिनंदन

 

                भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। बाबा रामदेव जी के जयकारों से गूंजता पंडाल... भजनों की ऐसी तान कि श्रद्धालु खुद को झूमने से रोक नहीं पाए। देर रात तक कहीं तालियों की गूंज सुनाई दी तो कहीं बाबा के जयकारों से माहौल भक्तिमय होता रहा। मौका था मरुधरा माहेश्वरी युवा मंच की ओर से शहर के रामेश्वरम भवन में आयोजित भव्य भजन संध्या का। बीकानेर के कलाकार नानू गोपाली ने जैसे ही बाबा रामदेव जी के भजनों की तान छेड़ी, श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। एक के बाद एक भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कोई भक्ति में झूमता नजर आया तो कोई जयकारों के साथ बाबा की आराधना में लीन रहा। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती जसवंत कंवर एवं उपमहापौर राधेश्याम सोमानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान मरुधरा माहेश्वरी संस्थान व युवा मंच की ओर से दोनों जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया। मरुधरा माहेश्वरी युवा मंच के अध्यक्ष मनीष बजाज ने बताया कि मरुभूमि के आराध्य बाबा रामदेव जी की भक्ति में शहर देर रात तक सराबोर रहा। पूरे कार्यक्रम स्थल पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भजन संध्या में भाग लेकर बाबा रामदेव जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। युवा मंच प्रभारी महादेव बाहेती ने बताया की आयोजन का उद्देश्य बाबा रामदेव जी की भक्ति और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मरुधरा माहेश्वरी संस्थान के अध्यक्ष दिनेश राठी, सचिव नारायण बाहेती, कोषाध्यक्ष कुंज बिहारी चांडक, राकेश काबरा, महेश जाजू, युवा मंच सचिव हर्ष राठी, कार्यक्रम प्रभारी आशीष लखानी, आशीष बाहेती, भरत बाहेती सहित मंच के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। युवा मंच ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।