जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर हुआ लोकार्पण, विधायक उदयलाल भड़ाणा ने विकास कार्यों का प्रस्तुत किया विज़न
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिले के मांडल विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा को दस्तावेज़ी स्वरूप देने वाली ‘मांडल विकास पुस्तिका’ का गुरुवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विमोचन किया। इस अवसर पर विधायक उदयलाल भड़ाणा ने क्षेत्र में हुए जनकल्याणकारी और आधारभूत विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। विधायक प्रवक्ता कमलेश सिंह गुढ़ा ने बताया कि पुस्तिका में मांडल क्षेत्र में पिछले वर्षों के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं की उपलब्धियों को समग्र रूप से संकलित किया गया है। विधायक उदयलाल भड़ाणा ने कहा कि यह पुस्तिका केवल विकास कार्यों का संकलन नहीं, बल्कि मांडल की प्रगति, जनविश्वास और सुशासन की जीवंत गाथा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राजस्थान निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और मांडल विधानसभा क्षेत्र भी तेज़ी से उन्नति की राह पर अग्रसर है। उन्होंने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए मुख्यमंत्री से मिल रहे निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा के प्रति हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया।




Social Plugin