2 अगस्त को सांवलिया सेठ मंडपिया में होने वाली प्रांत बैठक की तैयारियों की समीक्षा, नए हनुमान चालीसा केंद्र व महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने का निर्णय
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल भीलवाड़ा महानगर की महत्वपूर्ण बैठक ज्योतिनगर स्थित भदेसर भैरूनाथ सिद्ध बली पंचमुखी हनुमानजी एवं ज्योर्तिश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी प्रांत बैठक की तैयारियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष एवं हिन्दू हेल्पलाइन के प्रदेश महामंत्री गोपाल तेली ने की, जबकि प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष घनश्याम सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान आगामी 2 अगस्त 2026 को सांवलिया सेठ मंडपिया में आयोजित होने वाली प्रांत बैठक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष घनश्याम सोनी ने हाल ही में गुवाहाटी में सम्पन्न केंद्रीय बैठक में लिए गए राष्ट्रीय निर्णयों और संगठन की आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में भीलवाड़ा महानगर में नए हनुमान चालीसा केंद्र प्रारंभ करने, अधिकाधिक हिन्दू परिवारों से संपर्क अभियान चलाने तथा महिलाओं एवं युवतियों के लिए सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संगठन विस्तार के तहत प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रजापति की सहमति से रामदेव बैरवा को अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद का जिला महामंत्री नियुक्त किया गया। नियुक्ति की घोषणा के बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बैरवा का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। बैठक में राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रितेश गुर्जर, राष्ट्रीय व्यापार परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष शिवम अजमेरा, हिन्दू हेल्पलाइन जिलाध्यक्ष दिनेश जाट, राष्ट्रीय मजदूर परिषद जिलाध्यक्ष पूरण मल हिन्दू, महानगर अध्यक्ष दिनेश साहनी, राष्ट्रीय छात्र परिषद जिलाध्यक्ष पहलवान दिलखुश, नगर उपाध्यक्ष हीरालाल कटवाल, वार्ड-8 अध्यक्ष नितिन शर्मा, वार्ड-10 अध्यक्ष वधुर्वेन्द्र सिंह, ऋषभ जैन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के संकल्प के साथ हुआ।




Social Plugin