स्मृति चिन्ह व अभिनंदन पत्र भेंट कर किया सम्मानित, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं, प्रतिभा को बताया समाज का गौरव
कथक के नौ नवरस महज 4.22 सेकंड में प्रस्तुत कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। कथक नृत्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराने वाली प्रतिभाशाली नृत्यांगना दिव्यांशा सोमानी का अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति द्वारा अध्यक्ष मधु लढा व महिला जागरूकता प्रभारी जतन हिंगड़ के नेत्तृव में स्वागत-अभिनंदन किया गया। समारोह में मंडल की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिव्यांशा को तिलक लगाकर मेवाड़ी पगड़ी, ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष मधु लढा ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दिव्यांशा ने कथक जैसी प्राचीन कला को समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर समिति की पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांशा सोमानी ने अपनी अथक मेहनत, लगन और अनुशासित साधना के बल पर कथक नृत्य में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे भीलवाड़ा और मारवाड़ी समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाशाली बेटियां समाज का नाम रोशन कर नई पीढ़ी को अपनी कला एवं संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा देती हैं। सम्मान ग्रहण करते हुए दिव्यांशा सोमानी ने मारवाड़ी महिला समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने और भारतीय संस्कृति एवं कथक कला को नई पहचान दिलाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों को दिया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वे इस मुकाम तक पहुंच सकीं। समारोह में कोषाध्यक्ष उषा सोनी, उपाध्यक्ष स्नेहलता पटवारी व सुमित्रा झंवर ने इस अवसर पर दिव्यांशा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल दिव्यान्शा की मेहनत और समर्पण को दर्शाती है बल्कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की समृद्ध परंपरा को नई पहचान दिलाती है। समारोह में दिव्यांशा के पिता राम अवतार सोमानी, माता सविता सोमानी, दादा सुरेश व दिनेश, दादी तारा देवी व शांता देवी, भाई प्रखर, चाचा श्याम एवं चाची पूनम सहित परिजन उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि शहर के भूपालगंज निवासी दिव्यांशा सोमानी ने कथक नृत्य में अद्वितीय उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। दिव्यांशा ने कथक के नौ नवरस-श्रृंगार, हास्य, करुण, रौद्र, वीर, भयानक, बीभत्स, अद्भुत एवं शांत रस को मात्र 4.22 सेकंड में प्रस्तुत कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि को 14 मई 2026 को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा प्रमाणित किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा। अंत में उपस्थित महिलाओं ने दिव्यांशा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।




Social Plugin