संतो, महंतों महामंडलेश्वर के मार्गदर्शन में हजारों भक्तजनों द्वारा गौ सम्मान आवाहन
विजय मंत्र के जाप के साथ निकली विशाल रैली, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर जनसमर्थन प्रदर्शित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। गौ-सम्मान और गौ-संरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को शहर विधायक अशोक कोठारी के नेतृत्व में गौ सम्मान अभियान के दूसरे चरण के तहत भीलवाड़ा में गौभक्तों द्वारा विशाल जनरैली निकाली। विधायक कोठारी गौमाता के सम्मान के प्रतीक स्वरूप नंगे पैर कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को 3 लाख 47 हजार नागरिकों के हस्ताक्षरों से युक्त समर्थन पत्र (साइन लेटर) सौंपा। रैली से पहले जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से गौभक्त बसों और चौपहिया वाहनों के काफिले के साथ हरिसेवा वाटिका पहुंचे। यहां संगीतमय वातावरण में विजय मंत्र का सामूहिक जाप किया गया। इसके बाद संतों के आशीर्वचन हुए। और संकीर्तन प्रार्थना रैली की शुरुआत विजय मंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुई। हरिसेवा वाटिका से शुरू होकर सीतारामजी की बावड़ी, सूचना केंद्र चौराहा, बालाजी मार्केट, गोल प्याऊ चौराहा, अंबेडकर सर्किल और मशीनरी मार्केट होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची। रैली में स्कूली स्टूडेंट्स, एनजीओ सदस्य और बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल हुए। बच्चे-बच्चियां हाथों में तख्तियां लेकर गौ माता के जयकारे लगाते हुए चले। रैली में गौभक्त भजनों पर चलते और राधा-कृष्ण के भजन गाते नजर आए। सजी-धजी बैलगाड़ियां भी रैली में शामिल हुईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। दुर्गा शक्ति अखाड़ा की बच्चियां भी हाथों में तख्तियां लेकर रैली में शामिल हुईं। शहर विधायक अशोक कोठारी समेत प्रतिनिधिमंडल करीब 2 किमी नंगे पैर चलकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम 3 लाख 47 हजार हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र कलेक्टर को सौंपा। अभियान के तहत देश के 780 केंद्रों पर जिला कलेक्टरों के माध्यम से ज्ञापन दिए जा रहे हैं। भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करवाना और देश में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगवाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी स्वराज्य से अधिक गो रक्षा को महत्वपूर्ण माना था, लेकिन आजादी के इतने वर्षों बाद भी यह मांग पूरी नहीं हुई। अभियान के तहत कुल 40 करोड़ हस्ताक्षर जुटाकर केंद्र सरकार को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पहले चरण में 27 अप्रैल 2026 तक सवा 5 करोड़ हस्ताक्षर जमा किए गए थे। दूसरे चरण में भीलवाड़ा जिले से 3 लाख 47 हजार हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा गया। इस दौरान महामंडलेश्वर हंसाराम, जिला प्रचारक संत लालजी महाराज, जैन संत उपप्रवर्तक सुरेश मुनि महाराज, जैन मुनि अरविंद म.सा., महंत बनवारी शरण काठिया बाबा, पूज्य महंत संतदास महाराज हाथी भाटा, पूज्य महंत मोहन शरण शास्त्री निंबार्क आश्रम, पुजारी हेमराज पोसवाल मालासेरी डूंगरी, श्रीबाबाधाम विनीत अग्रवाल, पंचमुखी दरबार रीको एरिया पुजारी मुरारी पांडे, संत मायाराम, गोविंद राम, केशव राम, रामनन्द दास महाराज नरसिंह द्वारा आसींद, पुजारी माधु सालवी सहित जिला समन्वयक सुनील जागेटिया, संभाग प्रभारी नंदकिशोर साहू और जिला प्रभारी जगदीश तेली के साथ ही विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गौ-भक्त उपस्थित रहे। पूरे मार्ग में गौमाता के जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन ने शहर में गौ-सम्मान के प्रति जनजागरण का प्रभावी संदेश दिया।




Social Plugin