भीलवाडा। (पंकज पोरवाल) नौगांवा स्थित श्री साँवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में चल रहे पुरुषोत्तम (अधिक) मास के पावन अवसर पर ठाकुर जी की असीम कृपा से मंदिर में प्रतिदिन मनमोहक झांकियों और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में बुधवार, ज्येष्ठ अधिक मास कृष्ण पक्ष तृतीया, को मंदिर में साक्षात तिरुपति बालाजी महाराज के दिव्य दर्शनों का आयोजन किया गया। भगवान तिरुपति बालाजी की यह विशेष पोशाक विशेष रूप से इंदौर से मंगवाई गई थी, जिसे धारण कर ठाकुर जी का रूप अत्यंत आकर्षक और आलौकिक नजर आ रहा था। ट्रस्ट के सचिव कैलाश डाड ने बताया कि इस पुरुषोत्तम मास के दौरान अब तक भक्तों को विभिन्न मनमोहक झांकियों के माध्यम से प्रभु के कई स्वरूपों के दर्शन लाभ मिल चुके हैं। इनमें बैकुंठ धाम की तरह मदुरै के श्री पद्मावती महालक्ष्मी मंदिर के दर्शन, वामन अवतार, मत्स्य अवतार, राम अवतार, द्वारिकाधीश और श्रीनाथ जी सहित साँवरिया सेठ के अलग-अलग मनभावन पोशाकों में अद्भुत दर्शन शामिल हैं। कोषाध्यक्ष चंद्रप्रकाश आगाल ने बताया कि बुधवार प्रातः काल के सत्र में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जिसमें यजमान हजारी गुर्जर (नौगांवा) के सौजन्य से विधि-विधान पूर्वक हवन और कीर्तन संपन्न कराया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्व कल्याण की कामना के साथ आहुतियां दी गईं। प्रातः काल में ही मंदिर की ओर से गायों को लापसी खिलाकर गो-सेवा की गई। ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि इसी क्रम में शाम को एक और विशेष आयोजन हुआ, कन्हैयालाल बिड़ला का जन्मोत्सव स्थानीय गौशाला में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। अपने जीवन के 87 वर्ष पूरे करने पर बिड़ला ने गौशाला पहुँचकर गायों को लापसी व हरा चारा खिलाया और गोग्रास देकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने इस अवसर पर सभी के जीवन में खुशहाली और समृद्धि की कामना की। धार्मिक उत्सव और गो-सेवा के इन सेवा कार्यों में मनीष बहेड़िया, सुनील नवाल, गिरराज काबरा, भंवरलाल दरगड़ और हेमंत शर्मा सहित मंदिर से जुड़े कई कार्यकर्ताओं व श्रद्धालुओं का सराहनीय सहयोग रहा। मंदिर प्रांगण में शिव मंदिर का निर्माण प्रगति से चल रहा है।


Social Plugin