देवनारायण गौशाला में किए विविध सेवा कार्य, राहगीरों को गर्मी से राहत हेतु मिल्क रोज वितरण
भीलवाडा। (पंकज पोरवाल) पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आरकेआरसी माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा अध्यक्ष श्रीमती पल्लवी लढा एवं सचिव श्रीमती रंजना बिरला के मार्गदर्शन में समाजसेवा एवं जनकल्याण को समर्पित प्रेरणादायी सेवा कार्य आयोजित किया गए। कार्यक्रम का शुभारंभ देवनारायण गौशाला में मौजूद नन्हे बछड़ों को बोतल द्वारा दूध पिलाने से हुआ। बछड़ों की मासूम अठखेलियाँ, उनकी चंचलता और उत्साह देखते ही बनता था। इस मनोहारी दृश्य का सभी बहनों ने भरपूर आनंद लिया तथा गौसेवा के इस विशेष क्षण को आत्मसात किया। इसके पश्चात गौमाताओं को हरा चारा अर्पित किया गया। भीषण गर्मी के इस मौसम में हरे चारे का विशेष महत्व होता है, जो गौवंश के स्वास्थ्य और पोषण के लिए अत्यंत लाभकारी है। तत्पश्चात सभी गौमाताओं को केले खिलाए गए और उनके प्रति अपनी श्रद्धा एवं सेवा भाव प्रकट किया गया। इस अवसर पर गौशाला परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर गौमाताओं की सुख-समृद्धि की कामना की गई। साथ ही आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक पावन बनाते हुए सभी बहनों ने सामूहिक रूप से श्रीमद्भगवद्गीता के एक अध्याय का पाठ किया। गौशाला परिसर में गूंजते गीता के श्लोकों ने वातावरण को भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया। सेवा कार्य की अगली कड़ी में राहगीरों को गर्मी से राहत प्रदान करने हेतु मिल्क रोज का वितरण किया गया। यह सेवा कार्य श्रीमती वंदना नुवाल के नेतृत्व में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसकी सभी ने सराहना की। यह कार्यक्रम मंडल की इंदिरा हेडा, सुमित्रा दरगड़, चंद्रकांता गगरानी, सुनीता मुंदड़ा आशा दरगड़, सुनीता काबरा, सुमन दरगड़, दीपशिखा सारडा, प्रिया न्याती, आभा माहेश्वरी, मोनिका चेचाणी, राजकुमारी राठी सहित सभी उपस्थित सदस्याओ के सहयोग, सहभागिता एवं सेवा भावना से अत्यंत सफल एवं यादगार बना। पुरुषोत्तम मास में किया गया यह सेवा कार्य न केवल गौसेवा एवं मानव सेवा का सुंदर उदाहरण है, बल्कि समाज में करुणा, संस्कार और सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करता है। कार्यक्रम में महिलाओं ने सामूहिक रूप से सेवा गतिविधियों में भाग लेकर सामाजिक एकता एवं संस्कारों का संदेश दिया।


Social Plugin