गोविंद, गाय, गीता, गंगा एवं गांव के साथ 5जी पुरुषोत्तम मास पुण्य पर्व संपन्न
भोपालगंज सेवा समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश अजमेरा एवं सचिव रामनिवास लढ़ा का किया स्वागत एवं अभिनंदन
भीलवाडा। (पंकज पोरवाल) भोपालगंज माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय 5जी पुरुषोत्तम मास पुण्य पर्व मंडल अध्यक्ष सुमन सोमानी के मार्गदर्शन में श्रद्धा, भक्ति और जनसेवा के वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व के दौरान गोविंद भक्ति, गौसेवा, गीता ज्ञान, गंगा महिमा एवं गांव उत्थान जैसे पांच प्रमुख विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में सदस्याओ एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंडल सचिव शीतल जागेटिया ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिवस आनंद धाम हवेली में भजन-कीर्तन के साथ गोविंद आराधना एवं झूला मनोरथ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को कुल्फी प्रसाद वितरित किया गया। आनंद धाम हवेली के आचार्य ने अधिक मास में दान, जप, गीता पाठ एवं गंगा स्नान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके आध्यात्मिक लाभ बताए। इस आयोजन में सुमन बाहेती का विशेष सहयोग रहा। झूला मनोरथ के अवसर पर भोपालगंज सेवा समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश अजमेरा एवं सचिव रामनिवास लढ़ा का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन गौ-सेवा के अंतर्गत गायों को चारा खिलाया गया। इसके पश्चात मंदिर में भगवद्गीता पूजन, परिक्रमा एवं गीता श्लोक पाठ का आयोजन हुआ तथा गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इसके बाद निकटवर्ती गांव में बच्चों को बिस्किट, चॉकलेट एवं पुस्तकें वितरित कर सेवा एवं संस्कार का संदेश दिया गया।गाँव में पक्षियों के संरक्षण एवं सेवा हेतु परिंडे (पक्षियों के जलपात्र) वितरित किए गए। अध्यक्ष सुमन सोमानी एवं सचिव शीतल जागेटिया के नेतृत्व में गोविंद आराधना, गौ-सेवा, गीता श्लोक पठन, गंगाजल से शिव अभिषेक तथा ग्रामीण जनकल्याण जैसे विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से गोविंद, गाय, गीता, गंगा और गांव पर आधारित 5जी पुरुषोत्तम मास पुण्य पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं सेवा भावना के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष अंजना मालू, संगठन मंत्री ललिता सोमानी तथा मधु बाहेती, गीता जागेटिया, सत्यम मूंदड़ा, लीला सोमानी, पिंकी सोमानी, सुनीता सोमानी, ऊषा डाड, वीणा मूंदड़ा, सुनीता जागेटिया, आक्षिता मूंदड़ा, इंदु मालू, सारिका काबरा, ममता जाजू, शानू गगरानी सहित मंडल की सभी सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।


Social Plugin