जायंट्स ग्रुप ऑफ स्मार्ट सिटी ने श्री कृष्ण गौ सेवा उपचार केंद्र में बीमार और निराश्रित गायों को दवाइयां व हरा चारा किया वितरित
भीलवाडा। (पंकज पोरवाल) जायंट्स ग्रुप ऑफ स्मार्ट सिटी की ओर से श्री कृष्ण गौ सेवा उपचार केंद्र, हरणी महादेव मंगरोप रोड पर निराश्रित एवं बीमार गायों के लिए सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गायों को दवाइयां एवं हरा चारा वितरित किया गया। कार्यक्रम में जायंट्स ग्रुप ऑफ स्मार्ट सिटी के अध्यक्ष मदन गोपाल कालरा ने कहा कि बीमार गायों के इलाज के लिए सबसे पहले उनके लक्षणों की सही पहचान करना आवश्यक है, ताकि समय पर उचित दवा दी जा सके और उपचार की समुचित व्यवस्था हो सके। जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन के स्पेशल कमेटी सदस्य सुरेंद्र जैन ने कहा कि बीमार गायों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने बताया कि बीमारी के शुरुआती 24 घंटे में सही दवा देने से गायों की रिकवरी तेजी से होती है। यदि गाय का तापमान बढ़े, वह खाना छोड़ दे या सुस्त दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। गौभक्त सुभाष दूदानी ने कहा कि भीलवाड़ा में दुर्घटनाग्रस्त गायों के उपचार के लिए अलग से अस्पताल की आवश्यकता है। इस अवसर पर उनकी ओर से सभी प्रकार की दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। प्रशासनिक निदेशक अविनाश माथुर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया गया। इस मौके पर उपाध्यक्ष राकेश सक्सेना, विजय कपूर, गिरीश गांधी, मोहित दूधानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Social Plugin