Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

उद्योगपतियों की मेहनत, दूरदर्शिता ने भीलवाड़ा को दिलाई विशिष्ट पहचान: केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल

 

  

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का भीलवाड़ा दौरा, हमीरगढ़ हवाई पट्टी का किया अवलोकन

 

 

भीलवाड़ा टेक्सटाईल ट्रेड फैडरेशन के समारोह में भी की शिरकत, भीलवाड़ा की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए केंद्र स्तर पर होंगे प्रयास

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) भीलवाड़ा टेक्सटाईल ट्रेड फैडरेशन द्वारा रिको ग्रोथ सेंटर स्थित फैडरेशन भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की प्रमुख वस्त्र नगरी है और यहां के उद्योगपतियों की मेहनत, दूरदर्शिता एवं उद्यमशीलता ने इसे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के विकास में सबसे बड़ी बाधा एयर एवं रेल कनेक्टिविटी की कमी है, जिसे दूर करने के लिए केंद्र सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री का स्वागत सांसद दामोदर अग्रवाल एवं फैडरेशन पदाधिकारियों द्वारा किया गया। मंत्री मेघवाल ने कहा कि सांसद ने उन्हें हमीरगढ़ हवाई पट्टी का निरीक्षण कराया तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत करवाया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भीलवाड़ा को बेहतर एयर कनेक्टिविटी दिलाने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूत बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि टेक्सटाईल उद्योग से जुड़े किसी भी विषय चाहे वह वित्त मंत्रालय, निर्यात, प्रोसेसिंग अथवा अन्य मंत्रालयों से संबंधित हो, को केंद्र सरकार के समक्ष रखने की आवश्यकता होगी तो वे पूरी संवेदनशीलता से उसे आगे बढ़ाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान को मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए भीलवाड़ा इसके लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा का इस पर अधिकार है और केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेगा टेक्सटाईल पार्क की स्थापना से भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।  कार्यक्रम में फैडरेशन के संस्थापक सदस्यों एवं उद्योगपतियों ने भी भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास, निर्यात संभावनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर अपने विचार रखे। इस दौरान विधायक अशोक कोठारी, फैडरेशन के पदाधिकारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे। सेक्रेटरी जनरल अंकित शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम गर्ग, अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, वर्किंग प्रेसिडेंट तिलोक चंद छाबड़ा, संस्थापक सदस्य दिनेश नोलखा तथा कोषाध्यक्ष मदन गोपाल कालरा, श्याम चांडक उपस्थित थे। इससे पूर्व भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी का अवलोकन किया तथा वहां की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा जैसे औद्योगिक जिले में आधारभूत सुविधाओं एवं कनेक्टिविटी का विस्तार आवश्यक है तथा केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक प्रयास करेगी। दौरे के दौरान जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं संभावित विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर ड्यून्स एविएशन अकादमी के अकाउंटेबल मैनेजर मुकेश माथुर, सीएसओ जितेन्द्र चौधरी एवं फ्लाइट इंस्ट्रक्टर कैप्टन पुगा ने भी प्रशिक्षण गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा की।                              

Uploaded Image