10 दिवसीय शिविर में 155 प्रतिभागी सीखेंगे एंकरिंग, ढोलक और इंग्लिश स्पोकन की बारीकियां भी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। छुट्टियों के खाली समय को कौशल विकास और रचनात्मकता में बदलने के संकल्प के साथ भारत विकास परिषद हाराणा प्रताप शाखा द्वारा दस दिवसीय ग्रीष्मकालीन अभिरुचि शिविर का मंगलवार को रंगारंग आगाज हुआ। 16 मई तक चलने वाले इस शिविर के उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने बच्चों को आभासी दुनिया (मोबाइल रील्स) से बाहर निकलकर अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानने और उसे तराशने पर जोर दिया। शिविर प्रभारी मोहिनी अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और अब तक 155 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। उद्घाटन के अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी रजनीकांत आचार्य, प्रांतीय संयुक्त महासचिव श्याम कुमावत और शाखा संरक्षक गोविंद राठी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर की शुरुआत की। इस दौरान शाखा सचिव सतीश बोहरा और महिला संयोजक निशा सैकड़ा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन नीलम शुक्ला द्वारा किया गया। शिविर के दौरान बच्चों और युवाओं को आधुनिक और पारंपरिक विधाओं का संगम देखने को मिलेगा। प्रभारी अग्रवाल के अनुसार, शिविर में विशेषज्ञों द्वारा डांस, मेहंदी, सिलाई, क्राफ्ट, रंगोली और क्रोशिया के साथ-साथ आज के दौर की मांग के अनुसार इंग्लिश स्पोकन, एंकरिंग और कैलीग्राफी का भी गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त संगीत प्रेमियों के लिए ढोलक और स्वरोजगार की दृष्टि से उपयोगी सौंदर्य (ब्यूटी) कोर्स की कक्षाएं भी लगाई जाएंगी। अंत में पदाधिकारियों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि मोबाइल पर समय व्यर्थ करने के बजाय किसी एक विषय में विशेषज्ञता हासिल करना भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

Social Plugin